मेरठ: अधिवक्ता के घर 8 लाख की चोरी का खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह के चार बदमाश गिरफ्तार

Meerut News: नौचंदी पुलिस और स्वाट टीम की कार्रवाई: 1.5 लाख नकद, जेवर, इलेक्ट्रॉनिक सामान व चार तमंचे बरामद; दरवाजा तोड़कर की थी चोरी।

Sushil Kumar
Published on: 21 Nov 2026 12:50 PM IST
मेरठ: अधिवक्ता के घर 8 लाख की चोरी का खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह के चार बदमाश गिरफ्तार
X

Meerut News: नौचंदी थाना क्षेत्र की बैक कॉलोनी में अधिवक्ता के घर हुई आठ लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। नौचंदी थाना पुलिस और स्वाट टीम नगर ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से डेढ़ लाख रुपये नकद, आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक सामान और चार अवैध तमंचे बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने 14 और 15 नवंबर की रात अधिवक्ता के घर का मुख्य दरवाजा तोड़कर वारदात को अंजाम दिया था।

गढ़ रोड स्थित बैक कॉलोनी निवासी अधिवक्ता सुनील कुमार ने 16 नवंबर को नौचंदी थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया था कि अज्ञात चोर घर का मुख्य दरवाजा तोड़कर अलमारी में रखे आठ लाख रुपये और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई थीं।

एसएसपी के निर्देश पर नौचंदी पुलिस और स्वाट टीम नगर ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए शनिवार को नौचंदी ग्राउंड में अशोक की लाट के पास से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान बलरामपुर निवासी सलीम उर्फ शाहिल शेख, गुजरात निवासी राजकुमार उर्फ रामकुमार उर्फ पांचाला, शाहजहांपुर निवासी सरफराज हुसैन और मेरठ के ब्रह्मपुरी निवासी दानिश के रूप में हुई है।

औजार और हथियार भी मिले

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से डेढ़ लाख रुपये नकद, सफेद धातु की पायल, बिछुए, अंगूठी, चेन और लॉकेट के अलावा सैमसंग टैबलेट, ओप्पो मोबाइल, तीन घड़ियां, स्पीकर, ईयरबड और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस को उनके पास से दो पेचकस, लोहे की सरिया, बड़ी कैंची, स्लाइड रिंच और लोहे का एंगल भी मिला है। इसके अलावा चार 315 बोर के तमंचे और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।

पुलिस ने चोरी के मुकदमे में बरामदगी से संबंधित धाराएं बढ़ाई हैं। अवैध हथियार मिलने के मामले में अलग से आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।कार्रवाई में नौचंदी थाना प्रभारी अरुण भाटी, स्वाट टीम नगर प्रभारी मनीष शर्मा और नौचंदी थाने की पुलिस टीम शामिल रही।

Sushil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sushil Kumar

वरिष्ठ संवाददाता, मेरठmeerutsushilkumar@newstrack.com
Next Story