Meerut News: कांवड़ियों पर कथित टिप्पणी को लेकर सियासत, भाजपा ने मांगी माफी

Meerut News: कांवड़ यात्रा पर कथित टिप्पणी को लेकर भाजपा नेता विनीत अग्रवाल शारदा ने एआईएमआईएम प्रवक्ता से सार्वजनिक माफी की मांग की और जिम्मेदार भाषा के प्रयोग पर जोर दिया।

Sushil Kumar
Published on: 31 July 2026 8:45 PM IST
Politics, BJP apologizes over alleged comments on Kanvaris
X

कांवड़ियों पर कथित टिप्पणी को लेकर सियासत, भाजपा ने मांगी माफी (Photo- Newstrack)

Meerut News: कांवड़ यात्रा और कांवड़ियों को लेकर एआईएमआईएम के प्रवक्ता शादाब चौहान की कथित टिप्पणी पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा ने शुक्रवार को जारी बयान में इसे करोड़ों शिवभक्तों की आस्था का अपमान बताते हुए शादाब चौहान से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।

विनीत शारदा ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन परंपरा, तपस्या और सामाजिक सहभागिता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार और अन्य तीर्थों से गंगाजल लेकर लंबी पैदल यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग अस्वीकार्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के बयान समाज में वैमनस्य पैदा करते हैं और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाते हैं।

भाजपा नेता ने एआईएमआईएम नेतृत्व से भी इस मामले का संज्ञान लेने, अपने प्रवक्ता से सार्वजनिक माफी मंगवाने और भविष्य में जिम्मेदार भाषा के प्रयोग को सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि संबंधित बयान में कानून-व्यवस्था या धार्मिक भावनाओं को आहत करने से जुड़ा कोई अपराध बनता है तो सरकार और प्रशासन को कानून के अनुसार कार्रवाई करनी चाहिए।

शारदा ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु आवागमन के लिए प्रशासन द्वारा की जाने वाली व्यवस्थाएं जनहित में होती हैं। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान सभी नागरिकों को अपनी धार्मिक आस्था का पालन करने की स्वतंत्रता देता है और प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह दूसरे धर्मों और उनकी आस्थाओं का सम्मान करे। साथ ही उन्होंने कहा कि सनातन परंपराओं का अपमान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Sushil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sushil Kumar

वरिष्ठ संवाददाता, मेरठmeerutsushilkumar@newstrack.com
Next Story