TRENDING TAGS :
Meerut News: कारगिल के वीरों को नमो भारत स्टेशन पर नमन, बच्चों ने चित्रों में उकेरी शौर्यगाथा
Meerut News: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर बेगमपुल नमो भारत स्टेशन पर एनसीआरटीसी ने कार्यक्रम आयोजित कर वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी। बच्चों ने चित्रकला प्रतियोगिता के जरिए सैनिकों की शौर्यगाथा को प्रस्तुत किया।
Meerut News
Meerut News: 27वें कारगिल विजय दिवस के अवसर पर एनसीआरटीसी ने शनिवार को बेगमपुल नमो भारत स्टेशन पर कार्यक्रम आयोजित कर भारतीय सशस्त्र बलों के वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं और एनसीआरटीसी के अधिकारियों ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि के रूप में कारगिल युद्ध में 4 जाट रेजिमेंट का हिस्सा रहे सेवानिवृत्त कर्नल राजेश त्यागी मौजूद रहे। सेना मेडल से सम्मानित कर्नल त्यागी ने कारगिल युद्ध के अपने अनुभव साझा करते हुए सैनिकों की वीरता की गाथाएं सुनाईं। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत करने, शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनने तथा आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया।युवाओं को कारगिल विजय दिवस के महत्व से जोड़ने के लिए "गार्डिंग द बॉर्डर्स" विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। बच्चों ने अपनी चित्रकृतियों के माध्यम से सीमाओं की रक्षा में तैनात सैनिकों के साहस और बलिदान को श्रद्धांजलि दी। चयनित चित्रों को बेगमपुल नमो भारत स्टेशन पर यात्रियों और आमजन के लिए प्रदर्शित किया जाएगा।
कार्यक्रम में युवा बैंड 'अभिगर्व' ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। कलाकारों ने अपने गीतों के जरिए भारतीय सशस्त्र बलों के शौर्य और समर्पण को नमन किया।एनसीआरटीसी ने कहा कि उसका उद्देश्य नमो भारत स्टेशनों को केवल परिवहन केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के जीवंत मंच के रूप में विकसित करना है। कारगिल विजय दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम भी उसी पहल का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य नई पीढ़ी में देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और कारगिल के वीरों के बलिदान के प्रति सम्मान की भावना को सुदृढ़ करना है।


