Meerut News: खड़गे के कार्यक्रम स्थल के कथित शुद्धिकरण पर कांग्रेस का हल्ला, विरोध में निकाला मार्च

Meerut News: खड़गे की हल्द्वानी रैली के बाद कार्यक्रम स्थल के कथित शुद्धिकरण को लेकर कांग्रेस ने मेरठ में विरोध मार्च निकाला और सामाजिक समानता का मुद्दा उठाया।

Sushil Kumar
Published on: 1 Sept 2026 10:17 PM IST
Congress rumor over alleged purge of Kharges venue, march in protest
X

खड़गे के कार्यक्रम स्थल के कथित शुद्धिकरण पर कांग्रेस का हल्ला, विरोध में निकाला मार्च (Photo- Newstrack)

Meerut News: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी रैली के बाद कार्यक्रम स्थल का कथित रूप से शुद्धिकरण किए जाने के मामले को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को मेरठ में विरोध मार्च निकाला। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष रंजन शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बुढ़ाना गेट स्थित कांग्रेस कार्यालय से इंदिरा चौक तक मार्च निकालकर भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि खड़गे की दलित पहचान के कारण कार्यक्रम स्थल का शुद्धिकरण किया गया। इसे जातिगत भेदभाव और दलित समाज के अपमान से जोड़ते हुए कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘दलित विरोधी भाजपा सरकार नहीं चलेगी’, ‘भाजपा के नेता होश में आओ’ और ‘दलितों का अपमान नहीं सहेंगे’ जैसे नारे लगाए।

विरोध मार्च के दौरान कांग्रेस नेताओं ने दलित उत्पीड़न और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाने को लेकर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर का भी विरोध किया।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष रंजन शर्मा ने कहा कि कांग्रेस संविधान, समानता और सामाजिक न्याय के मूल्यों के लिए लगातार संघर्ष करती रही है। उन्होंने कहा कि जाति के आधार पर किसी व्यक्ति के साथ भेदभाव करना संविधान की भावना के खिलाफ है। बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने समानता और सम्मान पर आधारित भारत का सपना देखा था और उसकी रक्षा करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

रंजन शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी वंचित, शोषित और कमजोर वर्गों के अधिकारों की आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एफआईआर के माध्यम से उनकी आवाज को दबाया नहीं जा सकता। कांग्रेस कार्यकर्ता सामाजिक न्याय और सम्मान के लिए लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपना संघर्ष जारी रखेंगे।

विरोध मार्च में हरिकिशन वर्मा, आदित्य शर्मा, मदन सिंह डेड़ा, मोहिउद्दीन गुड्डू, मनिंदर सूद वाल्मीकि, धूम सिंह गुर्जर, सलीम पठान, मनजीत सिंह कोछोड़, शहज्जाद युसूफ, तेजपाल ढाबका, रविंद्र सिंह, संजय कटारिया, रीना शर्मा, बबली देवी, सुनीता सिंह, सचिन शर्मा और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।

Sushil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sushil Kumar

वरिष्ठ संवाददाता, मेरठmeerutsushilkumar@newstrack.com
Next Story