TRENDING TAGS :
Meerut News: ब्लैकमेल से परेशान होकर प्रेमिका की हत्या, मेरठ पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी दबोचा
Meerut News: मेरठ में प्रेमिका की हत्या का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा किया। आरोपी ने ब्लैकमेल और पैसों की मांग से परेशान होकर वारदात कबूली।
ब्लैकमेल से परेशान होकर प्रेमिका की हत्या, मेरठ पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी दबोचा (Photo- Newstrack)
Meerut News: मेरठ,29 मई। परतापुर थाना क्षेत्र में रेलवे लाइन किनारे श्मशान घाट में मिले महिला के शव की गुत्थी मेरठ पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में रजनीश उर्फ गब्बर नामक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ में कबूल किया कि उसने अपनी प्रेमिका मुस्कान की गला घोंटकर हत्या की थी।
पुलिस के मुताबिक 28 मई की सुबह मोहकमपुर फेस-2 स्थित श्मशान घाट के पास एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। शव की पहचान खत्ता रोड, ब्रह्मपुरी निवासी 25 वर्षीय मुस्कान के रूप में हुई। वह मूल रूप से बिहार के पूर्णिया जिले की रहने वाली थी। मृतका के गले पर दुपट्टे से कसने के निशान मिले थे।
एसएसपी के निर्देश पर गठित छह पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और सर्विलांस की मदद से जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि मुस्कान का मोबाइल सिम एक अन्य फोन में इस्तेमाल हो रहा था। यह फोन शिवपुरम निवासी रजनीश उर्फ गब्बर के नाम पर निकला। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने बताया पूरा मामला
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके मुस्कान से अवैध संबंध थे। महिला उससे लगातार पैसे मांग रही थी और संबंध उजागर करने की धमकी दे रही थी। घटना वाले दिन दोनों एक परिचित के घर गए थे, जहां विवाद होने के बाद आरोपी मुस्कान को अपनी मोपेड पर बैठाकर श्मशान घाट ले गया। वहां दोनों ने शराब पी। पुलिस के अनुसार नशे की हालत में आरोपी ने दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल मोपेड और मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी पर पहले से हत्या के प्रयास, लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं।


