TRENDING TAGS :
Meerut News: माटीकला में नया हुनर दिखाएं, सरकार देगी 15 हजार तक का इनाम
Meerut News: मेरठ मंडल के युवा मिट्टी से नए मॉडल और उत्पाद बनाकर 15 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं, मंडल स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार दिए जाएंगे।
माटीकला में नया हुनर दिखाएं, सरकार देगी 15 हजार तक का इनाम (Photo- Social Media)
Meerut News: मिट्टी में हाथ डालकर सिर्फ दीया या कुल्हड़ बनाने का जमाना अब बदल रहा है। इसी मिट्टी से अगर आपने कुछ नया गढ़ दिया, बाजार की जरूरत को समझकर कोई अनोखा उत्पाद तैयार कर दिया या पारंपरिक माटीकला को आधुनिक रूप दे दिया तो सरकार आपके हुनर को न केवल पहचान देगी, बल्कि इनाम भी देगी। योगी सरकार ने ऐसे युवा उद्यमियों के लिए मंडल स्तरीय पुरस्कार योजना शुरू की है।
मेरठ मंडल के युवाओं के लिए यह अपने हुनर को बड़े मंच तक पहुंचाने का मौका है। माटीकला और पारंपरिक कार्यों में नए प्रयोग करने वाले युवा 15 सितंबर तक प्रतियोगिता के लिए आवेदन कर सकते हैं। चयन उनके बनाए मॉडल और कार्य की गुणवत्ता के आधार पर होगा।
15 हजार से शुरू होगा इनाम
मंडल स्तर पर तीन सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। प्रथम पुरस्कार के रूप में 15 हजार रुपये, द्वितीय के लिए 12 हजार रुपये और तृतीय स्थान हासिल करने वाले युवा को 10 हजार रुपये की नकद प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। विभाग का मानना है कि इससे युवाओं को पारंपरिक शिल्प में नए प्रयोग करने और इसे रोजगार व कारोबार से जोड़ने का प्रोत्साहन मिलेगा।
मंडल से लखनऊ तक पहुंचेगा हुनर
यह मौका केवल मंडल पुरस्कार तक सीमित नहीं है। मंडल स्तर पर चयनित प्रतिभागी राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए भी प्रतिभाग कर सकेंगे। शासन स्तर पर चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उत्कृष्ट प्रतिभागियों को लखनऊ में सम्मानित किया जाएगा। यानी मेरठ की मिट्टी से निकला हुनर प्रदेश के मंच तक पहुंच सकता है।
दीपावली से पहले बढ़ रही मिट्टी की चमक
दीपावली से पहले माटीकला के बाजार में भी रौनक बढ़ने लगी है। कारीगर पारंपरिक दीयों के साथ सजावटी और उपयोगी उत्पाद तैयार कर रहे हैं। मेरठ में मेडिकल कॉलेज के पास माटीकला उत्पादों का बड़ा बाजार है। ऐसे समय में नए प्रयोग करने वाले युवाओं के लिए यह योजना कारोबार को नई दिशा देने का अवसर बन सकती है।
जिला ग्रामोद्योग एवं परिक्षेत्रीय प्रभारी अधिकारी मेरठ मंडल मान्या चतुर्वेदी ने बताया कि माटीकला अथवा पारंपरिक कार्यों में नए प्रकार के मॉडल और उत्पाद तैयार करने वाले युवा प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं। इच्छुक युवा 15 सितंबर तक निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं।


