TRENDING TAGS :
Meerut News: खेलों में एआई का इस्तेमाल करने वाला देश का पहला खेल विश्वविद्यालय बना एमडीएसयू
Meerut News: रुहिल फ्यूचर टेक्नोलॉजीज से हुआ एमओयू, एआई से खिलाड़ियों की प्रतिभा पहचानने, प्रदर्शन विश्लेषण, चोट के खतरे और रिकवरी पर रखी जाएगी नजर।
खेलों में एआई का इस्तेमाल करने वाला देश का पहला खेल विश्वविद्यालय बना एमडीएसयू (Photo- Newstrack)
Meerut News: खेलों में तकनीक और विज्ञान के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की दिशा में मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी (एमडीएसयू) ने बड़ी पहल की है। विश्वविद्यालय ने रुहिल फ्यूचर टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। विश्वविद्यालय का दावा है कि खेलों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को शामिल करने की पहल करने वाला वह देश का पहला खेल विश्वविद्यालय बन गया है। इस करार के बाद खिलाड़ियों के प्रशिक्षण से लेकर उनके प्रदर्शन में सुधार तक के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा।
विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कुलपति मेजर जनरल दीप अहलावत (सेवानिवृत्त), वीएसएम और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित, तथा कुलसचिव सुनील कुमार झा मौजूद रहे। कंपनी की ओर से निदेशक बाला देवी रुहिल और एआई प्रोजेक्ट मैनेजर सुमित दलाल ने समझौते में भागीदारी की। इस दौरान शृजा सिंह और हर्षित वर्मा भी उपस्थित रहे।
कुलपति मेजर जनरल दीप अहलावत ने कहा कि आधुनिक खेलों में एआई की भूमिका तेजी से बढ़ रही है। इसके जरिए खेल प्रतिभाओं की पहचान, खिलाड़ियों की क्षमता का आकलन और प्रशिक्षण की रणनीति को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। खेल विज्ञान के साथ एआई का इस्तेमाल खिलाड़ियों के प्रदर्शन का बारीकी से विश्लेषण करने में मदद करेगा। इससे उनकी शारीरिक गतिविधियों, तकनीक और प्रशिक्षण के स्तर का वैज्ञानिक मूल्यांकन संभव होगा।
वीडियो से लेकर बायोमैकेनिकल विश्लेषण तक
समझौते के तहत खिलाड़ियों के प्रदर्शन का एआई आधारित विश्लेषण, वीडियो एनालिसिस, बायोमैकेनिकल मूल्यांकन और उनकी गतिविधियों की निगरानी की जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों पर पड़ने वाले शारीरिक दबाव, चोट लगने के जोखिम और चोट के बाद उनकी रिकवरी पर भी नजर रखी जाएगी। वैज्ञानिक तरीके से प्रतिभाओं की पहचान और खेल अनुसंधान को भी इस योजना का हिस्सा बनाया गया है।
विश्वविद्यालय में बनेगी एआई लैब
इस पहल के तहत विद्यार्थियों, शिक्षकों और प्रशिक्षकों को एआई तकनीक का प्रशिक्षण देने के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विश्वविद्यालय में एआई प्रयोगशाला और नवाचार केंद्र स्थापित करने की संभावनाओं पर भी काम होगा। कुलपति ने कहा कि भविष्य के खेलों में वैज्ञानिक ज्ञान, आधुनिक तकनीक और व्यावहारिक प्रशिक्षण का तालमेल जरूरी है। एआई से मिलने वाले आंकड़ों के आधार पर प्रशिक्षक खिलाड़ियों की कमजोरियों को पहचानकर उनकी प्रशिक्षण रणनीति में बदलाव कर सकेंगे। विश्वविद्यालय का लक्ष्य खेल शिक्षा को तकनीक और अनुसंधान से जोड़कर खिलाड़ियों को आधुनिक प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार करना है।


