Meerut News: 8 साल के बेटे के हाथ में सिगरेट, ... मां बोली- पिता बर्बाद कर रहा बचपन

Meerut News: मेरठ में एक मां ने अपने पूर्व पति पर 8 वर्षीय बेटे को सिगरेट पीने के लिए मजबूर करने और उसका वीडियो वायरल करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Sushil Kumar
Published on: 11 Jun 2026 10:26 PM IST
Meerut News: 8 साल के बेटे के हाथ में सिगरेट, ... मां बोली- पिता बर्बाद कर रहा बचपन
X

Meerut News

Meerut News: मेरठ में एक मां ने अपने पूर्व पति पर 8 वर्षीय बेटे को नशे की ओर धकेलने और उसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि उसका बेटा सिगरेट पीते हुए वीडियो में दिखाई दे रहा है और यह सब उसके पिता की शह पर हो रहा है। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है।

लोहियानगर क्षेत्र निवासी गजाला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2014 में उसका निकाह श्याम नगर निवासी कलीम से हुआ था। शादी के बाद उनके तीन बच्चे हुए। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और जनवरी 2026 में दोनों का तलाक हो गया। आपसी समझौते के तहत दो बेटियां मां के पास रहने लगीं, जबकि 8 वर्षीय बेटा अब्दुल आहद पिता के पास रहने लगा।गजाला का आरोप है कि तलाक के बाद से बेटे की परवरिश ठीक ढंग से नहीं हो रही। उसने दावा किया कि उसका पूर्व पति बच्चे को सिगरेट पिलाता है, उससे रील्स बनवाता है और वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड करता है।

महिला का कहना है कि उसके पास ऐसे वीडियो मौजूद हैं, जिनमें बच्चा सिगरेट पीता दिखाई दे रहा है। उसने यह भी आरोप लगाया कि बच्चे की पढ़ाई और देखभाल की अनदेखी की जा रही है तथा उसे गलत माहौल में रखा जा रहा है।महिला ने यह भी आरोप लगाया कि 8 जून को जब वह बेटे से मिलने गई तो पूर्व पति और उसके परिजनों ने उसके साथ अभद्रता और मारपीट की। शोर मचाने पर आसपास के लोगों की मदद से वह वहां से निकल सकी।हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी तक जांच में ऐसा कोई वीडियो सामने नहीं आया है, जिसमें पिता बच्चे को सिगरेट पिलाते हुए दिखाई दे रहा हो।

कोतवाली क्षेत्राधिकारी अभिषेक पटेल ने बताया कि महिला द्वारा दिखाए गए वीडियो में बच्चा सिगरेट पीता नजर आ रहा है, लेकिन उसमें उसका पिता दिखाई नहीं दे रहा। उन्होंने कहा कि महिला का आरोप है कि बच्चा पिता की संगत में बिगड़ रहा है। शिकायत के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।यह मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बच्चों की सुरक्षा, अभिभावकों की जिम्मेदारी और रील्स की बढ़ती होड़ को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह केवल पारिवारिक विवाद का मामला नहीं, बल्कि एक मासूम के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय भी बन सकता है।

Sushil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sushil Kumar

Next Story