आप ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को बताया युवाओं की जीत, मृतक छात्रों के लिए ₹1 करोड़ मुआवजे की मांग

Meerut News: मेरठ में आम आदमी पार्टी ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को युवाओं के आंदोलन की जीत बताया। पार्टी ने आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले छात्रों के परिजनों को ₹1 करोड़ मुआवजा और प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग की।

Sushil Kumar
Published on: 25 July 2026 8:52 PM IST
आप ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को बताया युवाओं की जीत, मृतक छात्रों के लिए ₹1 करोड़ मुआवजे की मांग
X

Meerut News

Meerut News: आम आदमी पार्टी (आप) के उत्तर प्रदेश प्रदेश प्रवक्ता एवं मेरठ जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को देश के युवाओं के आंदोलन की ऐतिहासिक जीत बताया है। उन्होंने कहा कि युवाओं की एकजुटता और लगातार चले आंदोलन के दबाव में केंद्र सरकार को झुकना पड़ा और यह पिछले 12 वर्षों में पहली बार है जब किसी केंद्रीय मंत्री ने जनदबाव के बाद इस्तीफा दिया है।

शनिवार को जारी बयान में अंकुश चौधरी ने कहा कि जंतर-मंतर से शुरू हुआ आंदोलन पूरे देश के युवाओं की आवाज बन गया। उन्होंने दावा किया कि लंबे समय से शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही की मांग कर रहे युवाओं के संघर्ष के कारण सरकार को शिक्षा मंत्री का इस्तीफा स्वीकार करना पड़ा और एनटीए के अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई करनी पड़ी।उन्होंने कहा कि किसानों के आंदोलन के बाद यह दूसरा अवसर है जब केंद्र सरकार को जनदबाव के सामने झुकना पड़ा है। उनके अनुसार, यह लोकतंत्र में युवाओं की ताकत और जनआंदोलन की सफलता का प्रमाण है।

आप नेता ने मांग की कि आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले 21 छात्रों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए। साथ ही आंदोलन में शामिल छात्रों और युवाओं के खिलाफ दर्ज सभी मुकदमे वापस लिए जाएं ताकि किसी भी प्रदर्शनकारी का भविष्य प्रभावित न हो।अंकुश चौधरी ने कहा कि पेपर लीक के खिलाफ शुरू हुआ यह आंदोलन अब रोजगार के मुद्दे तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाते हुए सरकार से रोजगार और जवाबदेही सुनिश्चित कराने के लिए संगठित रहने का आह्वान किया।

Sushil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sushil Kumar

वरिष्ठ संवाददाता, मेरठmeerutsushilkumar@newstrack.com
Next Story