TRENDING TAGS :
Meerut News: कांवड़ यात्रा 2025 से पहले मेरठ में बजी प्रशासन की चेतावनी की घंटी! डीजे वालों को साफ संदेश — नियम तोड़े तो सीधे कार्रवाई
Meerut News: कांवड़ यात्रा आस्था का पर्व है, इसे हुड़दंग का मंच न बनने दें। सभी डीजे संचालकों से आग्रह किया गया कि वे एक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं
कांवड़ यात्रा 2025 को लेकर मेरठ प्रशासन ने डीजे वालों को दी कड़ी चेतावनी (Photo- Newstrack)
Meerut News: सावन आते ही जब कांवड़ यात्रा का उत्साह आसमान छूता है, ठीक उसी वक्त प्रशासन ने भी मोर्चा संभाल लिया है। मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में करीब 200 डीजे संचालकों को एक मंच पर बुलाकर मेरठ प्रशासन ने साफ कर दिया — अब नियम-कायदों से खिलवाड़ नहीं चलेगा।
बैठक की अध्यक्षता एडीएम सिटी बृजेश सिंह और एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने संयुक्त रूप से की और तीखे शब्दों में डीजे संचालकों को चेतावनी दी कि श्रद्धा के इस पर्व में अगर भक्ति की जगह शोर-शराबा, भड़काऊ गीत या अश्लीलता हावी हुई तो सख्त कार्रवाई तय है।
डीजे वाहन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे
12 फीट ऊँचाई और 14 फीट चौड़ाई से बड़े डीजे वाहन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। "बोल बम" की जगह अगर बजा 'आपत्तिजनक या अश्लील' गाना, तो होगी एफआईआर। बीएनएसएस की धारा 168 के तहत सबको थमा दिया गया कानूनी नोटिस।
रात 11 बजे के बाद डीजे की धड़कन थमनी ही होगी, वरना जब्ती तय। dB लेवल से ऊपर गया साउंड, तो गाड़ी समेत डीजे होगा सीज़। बैठक में अधिकारियों ने साफ कहा — कांवड़ यात्रा आस्था का पर्व है, इसे हुड़दंग का मंच न बनने दें। सभी डीजे संचालकों से आग्रह किया गया कि वे एक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं और भक्ति के इस अद्भुत माहौल को सौहार्द और शांति से बनाए रखें।
प्रशासन की यह पहल कांवड़ यात्रा की गरिमा को बनाए रखने की दिशा में न केवल एक बड़ा कदम है, बल्कि यह संदेश भी — कि कानून का डंडा अब चेतावनी से पहले उठेगा नहीं, लेकिन उठ गया तो रुकेगा नहीं!


