TRENDING TAGS :
Meerut News: ATM लूट के बदमाशों से मुठभेड़, एक के पैर में गोली; तीन गिरफ्तार
Meerut News: मेरठ में एटीएम लूट के आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, विपिन के पैर में गोली लगी; लुकमान और अंकुर समेत तीन गिरफ्तार, 15 हजार बरामद।
Meerut Police Encounter
Meerut News: कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में एटीएम पर एक व्यक्ति से लूट करने वाले बदमाशों को पकड़ने गई पुलिस टीम की रविवार तड़के को बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, लूट के 15 हजार रुपये और वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।पुलिस के अनुसार, कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में चार सितंबर को एटीएम पर एक व्यक्ति से लूट की घटना हुई थी। इस संबंध में कंकरखेड़ा थाने में मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही थी।
मेरठ-शामली रोड पर चेकिंग के दौरान मुठभेड़
पुलिस और स्वाट टीम नगर मेरठ-शामली रोड पर संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे।पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। गोलीबारी में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश विपिन के बाएं पैर में गोली लग गई, जबकि उसके साथी लुकमान को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।घायल विपिन को उपचार के लिए पीएल शर्मा जिला चिकित्सालय भेजा गया। पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
दो आरोपियों से मिले 10 हजार रुपये
पुलिस के अनुसार, विपिन और लुकमान के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और लूट से संबंधित 10 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।इसी मामले में पुलिस ने बाद में तीसरे आरोपी अंकुर को जेबरी पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। अंकुर के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और लूट से संबंधित पांच हजार रुपये बरामद हुए।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शामली जिले के बनत निवासी विपिन और लुकमान तथा मेरठ के कंकरखेड़ा क्षेत्र निवासी अंकुर के रूप में हुई है।
लूट के पूरे 15 हजार रुपये बरामद
पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से कुल 15 हजार रुपये नकद, दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।पुलिस का कहना है कि एटीएम पर हुई लूट की घटना का खुलासा कर दिया गया है और गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


