Meerut News : बीए का पेपर देने निकली छात्रा का शव गन्ने के खेत में मिलने से सनसनी, पुलिस ने संदिग्ध को उठाया

Meerut News : मेरठ में बीए छात्रा का शव गन्ने के खेत में मिलने से सनसनी, पुलिस ने संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर जांच तेज की।

Sushil Kumar
Published on: 17 May 2026 8:03 PM IST (Updated on: 17 May 2026 8:05 PM IST)
Meerut News : बीए का पेपर देने निकली छात्रा का शव गन्ने के खेत में मिलने से सनसनी, पुलिस ने संदिग्ध को उठाया
X

Meerut News 

Meerut News : उत्तर प्रदेश के मेरठ के रोहटा थाना क्षेत्र में बीए फाइनल की परीक्षा देने घर से निकली युवती का शव गन्ने के खेत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए पांच टीमें गठित की हैं और परिजनों द्वारा जताई गई शंका के आधार पर एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान ललिता गौतम (20) पुत्री वेद प्रकाश गौतम निवासी ग्राम किरोट के रूप में हुई है। वह वर्तमान में अपने परिवार के साथ टीपी नगर क्षेत्र स्थित गगन एंक्लेव में रह रही थी। बताया गया कि ललिता 15 मई की सुबह करीब नौ बजे बीए फाइनल का पेपर देने घर से निकली थी, लेकिन न तो परीक्षा केंद्र पहुंची और न ही वापस घर लौटी। इसके बाद परिजनों ने थाना टीपी नगर में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

रविवार को रोहटा थाना क्षेत्र के ग्राम उपसिया स्थित जंगल में गन्ने के खेत में युवती का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही थाना रोहटा पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

एसपी ग्रामीण ने बताया कि मामले की जांच के लिए पांच टीमों का गठन किया गया है, जिनमें सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज खंगालने वाली टीमें भी शामिल हैं। आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

Shalini Rai

Shalini Rai

Mail ID - raishalini910@gmail.com

Next Story