TRENDING TAGS :
Meerut News: मेरठ में भाकियू का कमिश्नरी घेराव आश्वासन के बाद स्थगित, छह घंटे चली वार्ता
Meerut News: मेरठ में भाकियू का कमिश्नरी घेराव प्रशासन के आश्वासन के बाद स्थगित हो गया। छह घंटे चली वार्ता में बिजली, खाद और गन्ना भुगतान समेत किसानों की विभिन्न समस्याओं पर सहमति बनी।
Meerut News
Meerut News: किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) का कमिश्नरी घेराव बुधवार सुबह करीब सात बजे प्रशासन के आश्वासन के बाद स्थगित हो गया। इससे पहले मंडलायुक्त भानु गोस्वामी की अध्यक्षता में भाकियू के 25 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल और जिले के आला अधिकारियों के बीच करीब छह घंटे तक मैराथन वार्ता चली। रातभर सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ करीब एक हजार किसान कमिश्नरी के बाहर डटे रहे।
भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल मंगलवार देर रात कमिश्नरी सभागार में वार्ता के लिए पहुंचा। वार्ता में मंडलायुक्त भानु गोस्वामी, अपर मंडलायुक्त अमित कुमार, प्रभारी डीएम नूपुर गोयल, एसएसपी बीबी मूर्ति, ऊर्जा प्रबंध निदेशक रविश गुप्ता, एमडीए वीसी संजय मीणा, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले और एडीएम सिटी बृजेश सिंह समेत करीब 30 अधिकारी मौजूद रहे।वार्ता के दौरान मंडलायुक्त ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जायज शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
बिजली, खाद और गन्ना भुगतान पर अहम आश्वासन
किसानों की बिजली संबंधी शिकायतों पर पिछले छह माह के आधार पर बढ़े हुए लोड की जांच कर उचित मामलों का निस्तारण करने का आश्वासन दिया गया। फुंके ट्रांसफार्मरों को समय पर बदलने, चोरी हुए तारों को जल्द लगाने और जर्जर बिजली लाइनों को बदलने पर भी सहमति बनी।खाद समितियों में ब्याज और खाद वितरण की शिकायतों की जांच अपर मंडलायुक्त अमित कुमार करेंगे। तीन प्रतिशत से अधिक ब्याज वसूली की शिकायत सही पाए जाने पर राशि वापस कराने की बात कही गई। किसानों को नियमानुसार डीएपी उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया गया।किनौनी चीनी मिल के गन्ना भुगतान को नए पेराई सत्र शुरू होने से पहले कराने के प्रयास का भरोसा दिया गया। इसके अलावा ग्रामीण सड़कों की मरम्मत, तालाबों की सफाई, पशु चिकित्सालयों में दवाओं की उपलब्धता और लंपी रोग के टीकाकरण जैसे मुद्दों पर भी प्रशासन ने कार्रवाई का आश्वासन दिया।
रातभर सड़क पर डटे रहे किसान
भाकियू के अनुसार, एक सितंबर को आयोजित महापंचायत में राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने किसानों की समस्याओं पर मंडलायुक्त के नेतृत्व में वार्ता की मांग की थी। इसके बाद किसान अनिश्चितकालीन आंदोलन की घोषणा कर कमिश्नरी के बाहर डटे रहे।रात में करीब साढ़े 12 बजे वार्ता समाप्त होने के बाद भी किसान मौके से नहीं हटे और कमिश्नरी के बाहर ही डटे रहे। बुधवार सुबह एडीएम सिटी बृजेश सिंह और एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले किसानों के बीच पहुंचे और प्रशासन की ओर से दिए गए आश्वासनों की घोषणा की।इसके बाद जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने धरना स्थगित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यदि तय समय में किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो भाकियू दोबारा इससे भी बड़ी ताकत के साथ आंदोलन करेगी। सुबह करीब नौ बजे तक किसान कमिश्नरी कार्यालय के सामने मौजूद रहे।


