TRENDING TAGS :
Meerut News: तिरंगे के सम्मान पर भाजपा सख्त, जमीर अहमद खान के खिलाफ कार्रवाई की मांग
Meerut News: मेरठ में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कर्नाटक मंत्री जमीर अहमद खान के खिलाफ एफआईआर और तिरंगा मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की।
Meerut News: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तिरंगा फहराने के दायित्व से छूट मांगने को लेकर कर्नाटक के कांग्रेस मंत्री बी. जेड. जमीर अहमद खान के खिलाफ भाजपा ने मोर्चा खोल दिया है। उत्तर प्रदेश के मेरठ में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अंकित चौधरी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं का प्रतिनिधिमंडल सिविल लाइन सीओ विश्व ज्योति राय से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
भाजपा नेता अंकित चौधरी ने कहा कि राष्ट्रध्वज देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर तिरंगा फहराना प्रत्येक जनप्रतिनिधि का नैतिक और संवैधानिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि की राजनीतिक अथवा व्यक्तिगत व्यस्तता राष्ट्रध्वज के सम्मान से ऊपर नहीं हो सकती।
निष्पक्ष जांच की मांग
भाजपा नेताओं ने कहा कि इस मामले को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जाए। यदि जांच में किसी तरह का कानून उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।चौधरी ने कहा कि तिरंगा किसी राजनीतिक दल का झंडा नहीं है, बल्कि देश के करोड़ों लोगों के गौरव, सम्मान और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रध्वज के सम्मान के मामले में किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
ये रहे मौजूद
प्रतिनिधिमंडल में सौरभ पंडित, दिनेश कोरी, रिंकू वर्मा, अनुज चौधरी, विशाल ग्रोवर, शुभम अग्रवाल और अभिलाष ठाकुर समेत अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधिकारियों से मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया।

