TRENDING TAGS :
Meerut News सेंट्रल मार्केट की धरनारत महिलाओं ने थामा सपा का हाथ, भाजपा से मोहभंग का दावा
Meerut News: मेरठ में तीन महीने से धरने पर बैठी सेंट्रल मार्केट की महिलाओं ने थामा सपा का हाथ, भाजपा सरकार पर व्यापारियों की उपेक्षा करने का गंभीर आरोप लगाया।
Meerut News
Meerut News: सेंट्रल मार्केट में तीन महीने से धरने पर बैठी महिलाओं ने बुधवार को समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। आंदोलन का नेतृत्व कर रहीं राधा गुप्ता ने समर्थक महिलाओं के साथ सपा में शामिल होते हुए भाजपा पर संकट के समय साथ नहीं देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा को अपनी पार्टी समझना उनकी सबसे बड़ी भूल थी।
मंगल पांडे नगर स्थित होटल रॉयल इन में आयोजित सदस्यता समारोह में सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रो. धर्मेंद्र यादव ने नई सदस्यों का स्वागत किया। इस दौरान राधा गुप्ता ने मेरठ दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से सपा की मजबूत दावेदारी कर रहे समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष अक्षय जैन अरिहंत के प्रति भी विश्वास जताया।
राधा गुप्ता ने कहा कि सेंट्रल मार्केट के संकट के दौरान भाजपा के जनप्रतिनिधियों ने उनका साथ नहीं दिया, जबकि सपा विधायक अतुल प्रधान और अक्षय जैन अरिहंत लगातार उनके साथ खड़े रहे। उन्होंने कहा कि घर, दुकान, रोजगार और व्यापार बचाने के लिए लोगों को सपा के साथ आना चाहिए।
भाजपा पर व्यापारियों को परेशान करने का आरोप
अक्षय जैन अरिहंत ने कहा कि महंगाई, करों और व्यापारिक समस्याओं से आम जनता और व्यापारी परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों से छोटे व्यापारियों पर दबाव बढ़ रहा है। उनके मुताबिक, प्रदेश की जनता 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है।
सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रो. धर्मेंद्र यादव ने कहा कि पार्टी प्रभावित परिवारों और व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करेगी। उन्होंने सेंट्रल मार्केट प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली तत्कालीन सरकार ने 2014 में हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद लोगों को राहत देने का प्रयास किया था। उन्होंने कहा कि आज दशकों से रह रहे परिवारों को भी विस्थापन का डर सता रहा है।
सपा जिलाध्यक्ष कर्मवीर सिंह गुमी ने कहा कि पीडीए का कारवां लगातार बढ़ रहा है और जनता बदलाव चाहती है। महिला सभा की जिलाध्यक्ष मृदुला यादव ने पार्टी में शामिल महिलाओं को समाजवादी पटका पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी से पार्टी का आंदोलन मजबूत होगा।
समाजवादी व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष हरप्रीत सिंह आहूजा ने आरोप लगाया कि रोजगार देने वाले व्यापारियों के सामने ही संकट खड़ा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों और स्थानीय परिवारों के हितों की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में सपा जिला उपाध्यक्ष इंजीनियर संदीप यादव, महानगर अध्यक्ष निपुन अग्रवाल सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


