TRENDING TAGS :
Meerut News: चार लाख की रंगदारी मांगने वाले गैंग का भंडाफोड़, मुठभेड़ में दो बदमाश घायल; छह गिरफ्तार
Meerut News: मेरठ में कंकरखेड़ा पुलिस और स्वाट टीम ने चार लाख की रंगदारी मांगने वाले गैंग का भंडाफोड़ किया। मुठभेड़ में दो बदमाश घायल हुए और छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
Meerut News
Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ की कंकरखेड़ा पुलिस और स्वाट टीम नगर की संयुक्त कार्रवाई में चार लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस से मुठभेड़ में दो बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस, घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 27 मई को जेवरी गांव निवासी ललित कुमार ने कंकरखेड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात लोगों ने फोन कर उनसे चार लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कंकरखेड़ा पुलिस और स्वाट टीम नगर की संयुक्त टीम गठित की गई।जांच के दौरान इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से पंकज, तनवीर, हर्ष कुमार, अंकित, राहुल और वाहिद के नाम सामने आए। शनिवार को पुलिस ने सबसे पहले हर्ष कुमार और अंकित को जेवरी गांव से गिरफ्तार किया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी गई।
पुलिस का दावा है कि पावली फाटक के पास घेराबंदी के दौरान आरोपी पंकज और तनवीर ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी और उन्हें घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद राहुल और वाहिद को भी दबोच लिया गया।पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी संगठित गिरोह बनाकर रंगदारी वसूली की वारदातों को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों में पंकज, तनवीर और वाहिद पर हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के अन्य संभावित संपर्कों और गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।


