TRENDING TAGS :
Meerut News: सोशल मीडिया पर नफरत फैलाने का वीडियो पड़ा भारी, चार युवक गिरफ्तार
Meerut News: मेरठ के टीपी नगर क्षेत्र में सोशल मीडिया पर एक समाज विशेष के खिलाफ कथित आपत्तिजनक और भड़काऊ वीडियो वायरल करने के मामले में पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया।
Meerut News
Meerut News: सोशल मीडिया पर एक समाज विशेष के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी और गाली-गलौज वाला वीडियो बनाकर वायरल करना चार युवकों को महंगा पड़ गया। मेरठ के टीपी नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि वीडियो से सामाजिक सौहार्द बिगड़ने और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में सोशल मीडिया पर भड़काऊ और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी ब्रह्मपुरी के पर्यवेक्षण में टीपी नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई की।टीपी नगर क्षेत्र के मोहकमपुर निवासी सौरभ कुमार गौतम ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया कि कुछ युवक मोटरसाइकिल पर बैठकर एक समाज विशेष के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए वीडियो बना रहे थे। बाद में इस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। शिकायत में आशंका जताई गई कि इससे संबंधित समाज में आक्रोश फैल सकता है और शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर वीडियो की जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और पहचान के आधार पर पुलिस ने गुरुवार रात करीब 8:10 बजे चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहकमपुर निवासी चिरंजीव उर्फ चीकू (19), पवन कुमार (19), जसवंत नगर मलियाना निवासी गोलू यादव (25) तथा शिवपुरम निवासी वंश शर्मा (20) के रूप में हुई है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर किसी भी वर्ग, समुदाय या समाज के खिलाफ भड़काऊ अथवा आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। चारों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है।


