TRENDING TAGS :
Meerut News: मेरठ में दिनदहाड़े सनसनी, वकील का घर खोजते-खोजते पड़ोसी के घर घुसे बदमाश
Meerut News: Meerut के गंगानगर थाना क्षेत्र की मीनाक्षीपुरम कॉलोनी में दो नकाबपोश युवक अधिवक्ता उज्ज्वल मलिक का घर तलाशते हुए गलती से पड़ोसी के घर में घुस गए। आरोप है कि युवकों ने धमकी दी और गेट तोड़ने की कोशिश की। पूरी घटना CCTV में कैद हो गई है।
Meerut News: गंगानगर थाना क्षेत्र की मीनाक्षीपुरम कॉलोनी में 20 मई को हुई एक सनसनीखेज घटना अब चर्चा का विषय बनी हुई है। बाइक सवार दो नकाबपोश युवक अधिवक्ता उज्ज्वल मलिक का घर तलाशते हुए कॉलोनी में पहुंचे, लेकिन गलती से पड़ोसी के मकान में घुस गए। आरोप है कि युवकों ने घर में घुसकर धमकी दी, गाली-गलौज की और गेट तोड़ने का प्रयास किया। घटना के अगले दिन 21 मई को पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधिकारियों को शिकायत दी, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
मीनाक्षीपुरम निवासी अधिवक्ता उज्ज्वल मलिक के अनुसार घटना 20 मई की दोपहर की है। उस समय वह कचहरी में मौजूद थे। इसी दौरान बाइक से आए दो युवक चेहरे पर कपड़ा बांधकर उनके घर के आसपास पहुंचे। स्थानीय लोगों के मुताबिक दोनों काफी देर तक मकान पहचानने की कोशिश करते रहे, लेकिन भ्रम में पड़ोसी के घर में घुस गए।
आरोप है कि घर में घुसते ही दोनों युवकों ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल शुरू कर दिया। उनके हाथों में तमंचा और लोहे की सरिया जैसी वस्तु थी। आरोपियों ने लोहे की जाली वाला गेट तोड़ने की कोशिश की और घर में मौजूद लोगों को बाहर निकलने के लिए धमकाया। परिवार के लोगों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग बाहर निकल आए। भीड़ जुटती देख आरोपी मौके से फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भागने से पहले दोनों युवक मोबाइल फोन पर किसी से बातचीत करते भी दिखाई दिए। पूरी घटना मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में दोनों संदिग्ध युवक बाइक से आते-जाते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद कॉलोनी के लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों ने क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने और पुलिस गश्त तेज करने की मांग की है। सीओ सदर देहात सुधीर सिंह ने बताया कि शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। संदिग्ध युवकों की पहचान कराने का प्रयास जारी है।


