Meerut News: पत्नी और बच्चों को दूसरे युवक को सौंपा, सरूरपुर में अजब समझौता, गांव में हड़कंप

Meerut News: मेरठ में पति ने पत्नी व बच्चों को दूसरे युवक को सौंपा, पंचायत में हुआ अजब समझौता, गांव में मचा हड़कंप

Sushil Kumar
Published on: 31 Oct 2025 12:33 PM IST
Meerut News: पत्नी और बच्चों को दूसरे युवक को सौंपा, सरूरपुर में अजब समझौता, गांव में हड़कंप
X

पत्नी और बच्चों को दूसरे युवक को सौंपा  (photo: social media )

Meerut News: सरूरपुर क्षेत्र के एक गांव में ऐसी घटना सामने आई है जिसने लोगों को हैरान कर दिया। पारिवारिक झगड़े और संपत्ति के विवाद से तंग एक युवक ने अपनी पत्नी का दूसरे युवक से निकाह करवा दिया और तीनों बच्चों को भी उसी के हवाले कर दिया। गांव में बुलाई गई पंचायत के सामने यह समझौता हुआ और दोनों पक्षों ने अपनी सहमति जताई।

जानकारी के अनुसार, सरूरपुर निवासी युवक का अपने पिता, बहन और बहनोई से घर-जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। युवक का कहना है कि जिस मकान में वह रह रहा था, वह उसकी पत्नी के नाम पर है और ससुराल वालों ने बनवाया था। इसी मकान पर कब्जे को लेकर परिवार में झगड़े बढ़ते गए। युवक ने आरोप लगाया कि उसके परिजन उसे फर्जी मुकदमों में फंसाने और जान से मारने की साजिश कर रहे हैं।

मानसिक तनाव और लगातार कलह से परेशान युवक ने हैरान कर देने वाला कदम उठाया। उसने पत्नी का निकाह गांव के ही एक अन्य युवक से करा दिया और तीनों बच्चों की जिम्मेदारी भी उसी को सौंप दी।

पंचायत में दोनों पक्षों के बीच एक तरह का “समझौता” कराया

मामले के सामने आने पर गांव में पंचायत बैठाई गई। पंचायत में दोनों पक्षों के बीच एक तरह का “समझौता” कराया गया — तय हुआ कि महिला और बच्चे उसी घर में रहेंगे, जबकि युवक की बहन और बहनोई उस मकान में कोई हस्तक्षेप नहीं करेंगे। पंचायत में मौजूद लोगों के मुताबिक, महिला ने कहा कि वह “पहले पति और निकाह करने वाले युवक दोनों के साथ रहेगी।” इस बयान से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

थाना सरूरपुर के प्रभारी अजय शुक्ला ने बताया कि फिलहाल इस प्रकरण में कोई अपराध का तत्व नहीं दिखा है। पंचायत में समझौता हुआ है और पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुए है। यदि आगे कोई शिकायत आती है, तो कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।

गांव में यह मामला अब भी चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग कह रहे हैं कि कलह ने एक परिवार को ऐसे मोड़ पर ला खड़ा किया जहां रिश्ते भी समझौते में तब्दील हो गए।

1 / 4
Your Score0/ 4
Sushil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sushil Kumar

Next Story