TRENDING TAGS :
Meerut News: मेरठ में बड़ा खुलासा! अवैध तमंचा फैक्ट्री का भंडाफोड़, पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा
Meerut के फलावदा थाना क्षेत्र में पुलिस और स्वाट टीम ने अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी में दो आरोपी गिरफ्तार और भारी मात्रा में तमंचे व उपकरण बरामद किए गए।
Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ के फलावदा थाना क्षेत्र में पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में निर्मित और अर्द्धनिर्मित तमंचे, कारतूस और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना फलावदा पुलिस और मेरठ स्वाट टीम को सूचना मिली थी कि कस्बा फलावदा में बलराम फार्म हाउस के पास स्थित साबिर के घेर में बंद पड़ी पुरानी आरा मशीन के कमरे में अवैध तमंचे तैयार किए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर शुक्रवार सुबह पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मजहर निवासी मोहल्ला चैनपुरा, थाना बहसूमा और मोहम्मद असफी निवासी ग्राम महलका, थाना फलावदा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अवैध हथियार बनाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने मौके से तीन तैयार 315 बोर तमंचे, दो अर्द्धनिर्मित तमंचे, दो जिंदा कारतूस और बड़ी संख्या में हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए। बरामद सामान में ड्रिल मशीन, ग्राइंडर, रेती, सिकंजा, स्प्रिंग, लोहे की प्लेटें और अन्य औजार शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई के दौरान साबिर नामक आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। इस मामले में थाना फलावदा में आयुध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध हथियार बनाने और सप्लाई करने वाले नेटवर्क की भी जांच की जा रही है, ताकि इससे जुड़े अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया जा सके।


