TRENDING TAGS :
Meerut News: मेरठ में अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार; पुलिस टीम पर भी की फायरिंग
Meerut News: मेरठ में भावनपुर और इंचौली पुलिस ने स्वाट टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई कर अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।
Meerut News
Meerut News: मेरठ में अवैध हथियार बनाने और उनकी सप्लाई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। भावनपुर और इंचौली पुलिस ने स्वाट टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई कर पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, लू-बक्सर मोड़ पर दो आरोपितों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग की। इसके बाद उनकी निशानदेही पर इंचौली क्षेत्र की आशियाना कॉलोनी स्थित एक मकान में चल रही अवैध हथियार फैक्ट्री पकड़ी गई। मौके से छह तैयार तमंचे, 11 अधबने तमंचे, चार जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद हुए हैं।
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्रवाई की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लू-बक्सर मोड़ से आगे दो व्यक्ति अवैध तमंचों की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो उन्होंने तमंचों से गोली चला दी। पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।पकड़े गए आरोपितों की पहचान सलीमुद्दीन (50) निवासी अहमदनगर बड़ला और संतरपाल (55) निवासी मुबारिकपुर के रूप में हुई। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर आशियाना कॉलोनी स्थित एक मकान पर छापा मारा गया। मकान के पिछले कमरे में हथियार बनाने का काम चल रहा था। यहां से मेहराजुद्दीन (50), सारून (55) और राशिद (24) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने मौके से तमंचों के अलावा आठ अतिरिक्त नाल, 50 फायरिंग पिन, 27 स्प्रिंग, लोहे की पत्तियां, हथौड़ियां, छेनियां, ग्राइंडर और ड्रिल मशीन समेत हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और कच्चा माल बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अवैध तमंचे तैयार कर उन्हें बेचते थे।पुलिस ने पांचों आरोपितों के खिलाफ भावनपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, सारून और संतरपाल समेत कुछ आरोपितों के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


