TRENDING TAGS :
Meerut News: गांव-गांव से निकलेंगे चैंपियन, यूपी में खेल प्रतिभाओं के लिए बनेगा मजबूत नेटवर्क
Meerut News: मेरठ में इंडियन एथलेटिक्स सीरीज-15 का शुभारंभ, खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव बोलेग्राम पंचायत के खेल मैदान से कमिश्नरी स्तर के स्पोर्ट्स कॉलेज तक बढ़ेंगी सुविधाएं
Meerut News: उत्तर प्रदेश में अब खेल प्रतिभाओं को गांवों से निकालकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के लिए सरकार बड़ा नेटवर्क तैयार कर रही है। हर ग्राम पंचायत में खेल मैदान, ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम और कमिश्नरी स्तर पर स्पोर्ट्स कॉलेज विकसित करने की योजना पर काम चल रहा है।
प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने बुधवार को कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित इंडियन एथलेटिक्स सीरीज-15 के शुभारंभ के दौरान कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में खेल सुविधाओं का विस्तार गांव से लेकर बड़े खेल केंद्रों तक किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि संसाधनों के अभाव में किसी खिलाड़ी की प्रतिभा दम न तोड़े। प्रतिभाओं को तलाशने और उन्हें राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए अधिक से अधिक प्रतियोगिताओं का आयोजन जरूरी है।
मंत्री ने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में निर्धारित 12 मानकों के अनुरूप खेल मैदान विकसित करने की योजना है। ब्लॉक स्तर पर ग्रामीण खेल मिनी स्टेडियम तैयार किए जा रहे हैं, जबकि जिला स्तर पर एथलेटिक ट्रैक, एस्ट्रोटर्फ, मल्टीपरपज हॉल और अन्य खेल सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया, फिट इंडिया और सांसद खेलकूद प्रतियोगिताओं के जरिए युवाओं को खेल मैदान से जोड़ा जा रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को स्थानीय स्तर पर ही अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा।
कमिश्नरियों में स्पोर्ट्स कॉलेज की तैयारी
गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश की कमिश्नरियों में स्पोर्ट्स कॉलेज विकसित करने की योजना पर काम चल रहा है। मौजूदा बजट में अयोध्या, बरेली, आगरा और झांसी में स्पोर्ट्स कॉलेज खोलने के प्रस्ताव शामिल किए गए हैं।
उन्होंने मेरठ में बन रहे मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय को प्रदेश की खेल व्यवस्था को नई दिशा देने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया। मंत्री के अनुसार, विश्वविद्यालय में छात्रावास और प्रशासनिक भवन समेत जरूरी ढांचा तैयार हो चुका है और शैक्षणिक गतिविधियां भी शुरू हो गई हैं।
खिलाड़ियों को नौकरी और सम्मान पर भी फोकस
मंत्री ने कहा कि सरकार खिलाड़ियों को केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि उनके भविष्य को सुरक्षित करने पर भी काम कर रही है। नई खेल नीति-2023 के तहत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ियों को सम्मान और रोजगार से जोड़ने की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने मेरठ की एशियन गेम्स स्वर्ण पदक विजेता पारुल चौधरी का उदाहरण देते हुए कहा कि योगी सरकार ने उन्हें पुरस्कार राशि देने के साथ डिप्टी एसपी पद पर सीधी भर्ती का अवसर दिया। उन्होंने बताया कि खेल कोटे से करीब एक हजार खिलाड़ियों को रोजगार से जोड़ने की दिशा में काम किया गया है। 534 कुशल खिलाड़ियों की भर्ती में अब तक 490 की नियुक्ति हो चुकी है और शेष पदों पर प्रक्रिया जारी है।आने वाली भर्तियों में दो प्रतिशत खेल कोटा सुनिश्चित करने के लिए भी अधियाचन भेजे जा रहे हैं।
कैलाश प्रकाश स्टेडियम का होगा कायाकल्प
खेल सचिव एलवाई सुहास ने कहा कि मेरठ में एथलेटिक ट्रैक का निर्माण पूरा हो चुका है। अब कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम के समग्र विकास की योजना तैयार की जा रही है।उन्होंने कहा कि मेरठ विकास प्राधिकरण और खेल विभाग मिलकर स्टेडियम के आधुनिकीकरण पर काम करेंगे। इससे एथलेटिक्स के साथ अन्य खेलों के खिलाड़ियों को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
विशेष सचिव खेल कुमार विनीत ने कहा कि मेरठ से इंडियन एथलेटिक्स सीरीज की शुरुआत शहर की खेल परंपरा के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। खराब मौसम के बावजूद प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचे खिलाड़ियों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में प्रदर्शन करने वाला खिलाड़ी ही आगे बढ़ता है।
मंत्री ने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास और अनुशासन को सफलता की कुंजी बताया। उन्होंने युवाओं से प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खेल मैदान में बिताने, नशे से दूर रहने और मोबाइल तथा रील्स पर जरूरत से ज्यादा समय खर्च नहीं करने की अपील की।कार्यक्रम में भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष डॉ. एसपी देशवाल, उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष आशुतोष भल्ला, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी जितेंद्र यादव सहित खेल विभाग और एथलेटिक्स से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान सेवानिवृत्त खेल अधिकारी प्रेम कुमार और रुस्तम खान को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को भी पुरस्कृत किया गया।


