Meerut News: मेरठ रोजगार मेले में 2610 युवाओं ने लिया हिस्सा, 1759 अभ्यर्थियों का हुआ चयन

Meerut News: मेरठ के मोदीपुरम में आयोजित वृहद रोजगार मेले में 2610 युवाओं ने हिस्सा लिया। 38 कंपनियों ने साक्षात्कार के बाद 1759 अभ्यर्थियों का चयन किया और उन्हें 10 से 35 हजार रुपये तक के वेतन पर रोजगार के अवसर दिए।

Sushil Kumar
Published on: 12 Sept 2026 9:16 PM IST
Meerut News: मेरठ रोजगार मेले में 2610 युवाओं ने लिया हिस्सा, 1759 अभ्यर्थियों का हुआ चयन
X

Meerut News

Meerut News: उत्तर-प्रदेश के मेरठ के मोदीपुरम में लगे वृहद रोजगार मेले में नौकरी की उम्मीद लेकर पहुंचे 2610 युवाओं में से 1759 का विभिन्न कंपनियों ने चयन किया। 38 कंपनियों ने इंटरव्यू के जरिए युवाओं को परखा और 10 से 35 हजार रुपये तक के वेतन पर रोजगार के ऑफर दिए। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय मेरठ और विनायक विद्यापीठ, मोदीपुरम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मेले में 38 राष्ट्रीय स्तर की कंपनियां युवाओं के चयन के लिए पहुंचीं। विभिन्न पदों के लिए 2610 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। चयनित युवाओं को कंपनियों की ओर से 10 हजार से 35 हजार रुपये तक के वेतन पर रोजगार का अवसर दिया गया।

रोजगार मेले का उद्घाटन चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के डिप्टी रजिस्ट्रार डॉ. सत्य प्रकाश ने किया। उन्होंने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की और रोजगार के लिए पहुंचे युवाओं का उत्साह बढ़ाया। संस्थान की प्राचार्या डॉ. अनुप्रीता शर्मा, निदेशक इंजीनियर विकास कुमार, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट हेड प्रवीन शर्मा और क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के डिप्टी डायरेक्टर शशि भूषण उपाध्याय ने अतिथियों का स्वागत किया।मेले में कंपनियों के अधिकारियों ने अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता, कौशल और अनुभव के आधार पर साक्षात्कार लिए। इसके बाद विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया गया। आयोजकों के अनुसार पूरी चयन प्रक्रिया निशुल्क रही। बड़ी संख्या में युवाओं की मौजूदगी के चलते पूरे दिन परिसर में रोजगार को लेकर उत्साह का माहौल रहा।

युवाओं से बोले अमित अग्रवाल- आत्मनिर्भर बनें

समापन समारोह में मेरठ कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। उन्होंने युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने चयनित युवाओं का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।सहायक निदेशक शशि भूषण उपाध्याय ने कहा कि रोजगार मेले युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों से सीधे जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। इससे कंपनियों को योग्य मानव संसाधन मिलता है और युवाओं को रोजगार के साथ अपने करियर को नई दिशा देने का अवसर मिलता है।कार्यक्रम का संचालन मैनेजमेंट विभागाध्यक्ष सुनील कुमार ने किया। जिला सेवायोजन अधिकारी सचिन कुमार सिंह, ईश्वर सिंह, राजीव सपरा, सुदर्शन गिरि, अनिल वर्मा और प्रद्युम्न दीक्षित का आयोजन में विशेष योगदान रहा। प्राचार्या डॉ. अनुप्रीता शर्मा ने सभी कंपनियों, अतिथियों और अभ्यर्थियों का आभार जताते हुए भविष्य में भी ऐसे रोजगारपरक आयोजन जारी रखने की बात कही।

Sushil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sushil Kumar

वरिष्ठ संवाददाता, मेरठmeerutsushilkumar@newstrack.com
Next Story