TRENDING TAGS :
Meerut News: 80 हजार के लालच में बिहार जा रहा शराब का कैंटर पकड़ा, 390 पेटी बरामद
Meerut News: 80 हजार भाड़े के लालच में चंडीगढ़ से बिहार भेजी जा रही 390 पेटी अवैध शराब जब्त; कंकरखेड़ा पुलिस ने कैंटर चालक को किया गिरफ्तार।
Meerut News: 80 हजार रुपये के भाड़े के लालच में चंडीगढ़ से बिहार तक शराब पहुंचाने निकला कैंटर मेरठ में पकड़ा गया। कंकरखेड़ा पुलिस ने खड़ौली बाईपास पर चेकिंग के दौरान कैंटर से 390 पेटी अवैध विदेशी शराब बरामद कर पंजाब निवासी चालक जोगिन्दर सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक शराब चंडीगढ़ में बिक्री के लिए अनुमन्य थी और उसे बिहार के गया पहुंचाया जाना था।
चंडीगढ़ से 40 किमी दूर सौंपा था शराब से भरा कैंटर
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के अनुसार, शनिवार को रोहटा फ्लाईओवर के पास खड़ौली बाईपास पर पुलिस चेकिंग कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर PB05AT XXXX नंबर के कैंटर को रोककर तलाशी ली गई। कैंटर में 390 पेटी विदेशी शराब मिली। चालक जोगिन्दर सिंह (36) निवासी चक मेघा विरान, गुरूहरसहाय, फिरोजपुर, पंजाब को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।
किस्त टूटने के बाद मिला था 'शराब का भाड़ा'
पुलिस पूछताछ में जोगिन्दर ने बताया कि कैंटर की फाइनेंस किस्त टूटने के बाद वह वाहन भाड़े पर चलाने के लिए काम तलाश रहा था। इसी दौरान एक व्यक्ति ने इंटरनेट कॉलिंग नंबर से वॉट्सऐप कॉल कर संपर्क किया। चंडीगढ़ से बिहार के गया तक शराब पहुंचाने के लिए 80 हजार रुपये भाड़ा तय हुआ। आरोपी के मुताबिक, चंडीगढ़ से करीब 40 किलोमीटर दूर उसे शराब से भरा कैंटर सौंपा गया था। गया पहुंचने पर शराब लेने वाले व्यक्ति का नंबर और लोकेशन देने की बात कही गई थी।
व्हाट्सऐप कॉल से जुड़ा तस्करी नेटवर्क
पुलिस अब उस व्यक्ति की तलाश में जुटी है, जिसने आरोपी से संपर्क कर शराब की खेप बिहार पहुंचाने का सौदा किया था। पुलिस के अनुसार, बरामदगी के संबंध में कंकरखेड़ा थाने में आबकारी अधिनियम की धाराओं 60, 63 और 72 के तहत केस दर्ज किया गया है। कैंटर को भी कब्जे में ले लिया गया है।


