TRENDING TAGS :
Meerut News: कारगिल के वीरों को नमन: मेरठ में श्रद्धांजलि, 21 वीर नारियों और पूर्व सैनिकों का सम्मान
Meerut News: मेरठ में कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित समारोह में कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान 21 वीर नारियों और पूर्व सैनिकों का सम्मान किया गया।
Meerut News
Meerut News: कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को जनपद सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय में आयोजित गरिमामय समारोह में कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में वीर नारियों, कारगिल युद्ध में भाग लेने वाले पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों का सम्मान किया गया। इस दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के सैनिक कल्याण विभाग की पहल पर तैयार लघु वृत्तचित्र ‘वीर गाथा’ का भी लोकार्पण किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक सैन्य जीत का प्रतीक नहीं, बल्कि राष्ट्र की अस्मिता, स्वाभिमान और भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस का उत्सव है। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों का सर्वोच्च बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।डॉ. तोमर ने कहा कि मेरठ वीरों और बलिदान की धरती रही है, जिसने देश को अनेक जांबाज सैनिक दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और शहीद परिवारों के सम्मान तथा कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है और उनके हितों की रक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
निदेशक, सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास उत्तर प्रदेश ब्रिगेडियर अतुल कुमार (सेवानिवृत्त) ने कहा कि शहीदों का सर्वोच्च बलिदान सदैव राष्ट्र को प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि सैनिकों, पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों के सर्वांगीण कल्याण एवं पुनर्वास के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।समारोह में डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कारगिल युद्ध में भाग लेने वाले पूर्व सैनिकों सहित कुल 21 वीर नारियों और पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया। इसके साथ ही भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई), पुणे द्वारा निर्मित लघु वृत्तचित्र ‘वीर गाथा’ का लोकार्पण किया गया। यह वृत्तचित्र उत्तर प्रदेश के वीर शहीदों के साहस, राष्ट्रभक्ति और सर्वोच्च बलिदान को समर्पित है तथा नई पीढ़ी में राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करने का संदेश देता है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, सेवारत सैनिकों, शहीद परिवारों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। समारोह का समापन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अटूट निष्ठा दोहराने तथा वीर शहीदों के आदर्शों पर चलने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।


