Meerut News: शराब ठेका फायरिंग: जेल में बंद आरोपी से पुलिस ने बरामद किया वारदात में इस्तेमाल तमंचा

Meerut News: मेरठ के जानी थाना क्षेत्र में शराब के ठेके पर हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने जेल में बंद मुख्य आरोपी की निशानदेही पर अवैध तमंचा और खोखा कारतूस बरामद किया है। आरोपी पर पहले से 14 मुकदमे दर्ज हैं।

Sushil Kumar
Published on: 6 Aug 2026 7:00 PM IST
Meerut News: शराब ठेका फायरिंग: जेल में बंद आरोपी से पुलिस ने बरामद किया वारदात में इस्तेमाल तमंचा
X

Meerut News

Meerut News: जानी थाना क्षेत्र में शराब के ठेके पर हुए खूनी विवाद और फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अदालत में आत्मसमर्पण कर जिला कारागार में बंद मुख्य आरोपी सौरभ को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया .315 बोर का अवैध तमंचा और उसकी नाल में फंसा खोखा कारतूस बरामद कर लिया गया। बरामदगी के बाद पुलिस ने मुकदमे में आयुध अधिनियम की धाराएं भी बढ़ा दी हैं।

पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई को रघुनाथपुर मोड़ स्थित देशी शराब के ठेके पर शराब खरीदने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और सरियों से हमला करने के साथ फायरिंग भी की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। हमले में वादी पक्ष के वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। इस मामले में बागपत के हबीबपुर नगला निवासी मोहित यादव की तहरीर पर जानी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।जांच के दौरान पुलिस पहले ही नामजद आरोपी शेखर और राजीव को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त लाठी और सरिया बरामद कर चुकी थी। मुख्य आरोपी सौरभ ने बाद में अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया था और वह जिला कारागार में निरुद्ध था। पुलिस ने न्यायालय से अनुमति लेकर उसे अभिरक्षा में लिया और पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल तमंचा तथा खोखा कारतूस बरामद कर लिया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 26 वर्षीय सौरभ कोई नया अपराधी नहीं है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी और आयुध अधिनियम समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में वर्ष 2020 से अब तक 14 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे दोबारा न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे पुनः न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत जानी पुलिस की इस कार्रवाई को मामले की जांच में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े अन्य सभी पहलुओं की भी जांच जारी है।

Sushil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sushil Kumar

वरिष्ठ संवाददाता, मेरठmeerutsushilkumar@newstrack.com
Next Story