Meerut: लिसाड़ी गेट में पुलिस एनकाउंटर: दो कथित गौकशों के पैर में लगी गोली, तमंचे और कारतूस बरामद

Meerut News: लिसाड़ी गेट में चेकिंग के दौरान पुलिस और संदिग्धों के बीच मुठभेड़, दो कथित गौकश घायल; तमंचे, कारतूस और बाइक बरामद।

Sushil Kumar
Published on: 20 Aug 2026 9:16 AM IST
Meerut: लिसाड़ी गेट में पुलिस एनकाउंटर: दो कथित गौकशों के पैर में लगी गोली, तमंचे और कारतूस बरामद
X

Meerut News: लिसाड़ी गेट इलाके में बुधवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, जवाबी फायरिंग में दो कथित गौकशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से दो .315 बोर के तमंचे, कारतूस और एक काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद होने का दावा किया गया है।

पुलिस के अनुसार, लिसाड़ी गेट पुलिस चार खंभा के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों ने पुलिस टीम को देखकर कथित तौर पर फायरिंग शुरू कर दी और मदीना कॉलोनी की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर घेराबंदी की। आरोप है कि घिरने पर दोनों ने पुलिस पर दोबारा गोली चलाई। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों के बाएं पैर में गोली लगी।

घायलों की पहचान याद इलाही (35), निवासी एल अहमद नगर और याकूब (38), निवासी लक्खीपुरा के रूप में हुई है। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।पुलिस के मुताबिक, याद इलाही के पास से एक .315 बोर का तमंचा, एक खोखा और दो जिंदा कारतूस तथा याकूब के पास से एक तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। दोनों के पास से इस्तेमाल की जा रही स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ली है।

दोनों पर पहले से कई मुकदमे

पुलिस के अनुसार, याद इलाही के खिलाफ गौवध अधिनियम, आयुध अधिनियम, आबकारी अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में आठ मुकदमे दर्ज हैं। वहीं याकूब के खिलाफ तीन मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। इनमें गौवध और हथियारों से संबंधित मामले भी शामिल हैं।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Sushil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sushil Kumar

वरिष्ठ संवाददाता, मेरठmeerutsushilkumar@newstrack.com
Next Story