TRENDING TAGS :
Meerut: मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय में योग सप्ताह का आगाज, जेन-जी को तनावमुक्त जीवन का संदेश
Meerut News: मेरठ के मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह-2026 की शुरुआत हुई। योग विशेषज्ञ सुनील सैन ने विद्यार्थियों को तनावमुक्त जीवन के लिए योग और ध्यान का महत्व बताया।
Meerut News
Meerut News: मोबाइल स्क्रीन, सोशल मीडिया और प्रतिस्पर्धा के बढ़ते दबाव के बीच तनाव और चिंता से जूझ रही युवा पीढ़ी के लिए मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय से योग का सकारात्मक संदेश दिया गया। अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह-2026 के शुभारंभ पर योग विशेषज्ञ सुनील सैन ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि तनावमुक्त, संतुलित और सफल जीवन की कुंजी है।विश्वविद्यालय में 15 से 21 जून तक आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह की शुरुआत निबंध लेखन प्रतियोगिता से हुई। प्रतियोगिता का विषय था “Yoga: A Natural Solution to Stress and Anxiety in Gen Z”। इसमें विद्यार्थियों ने आधुनिक जीवनशैली से उत्पन्न मानसिक दबाव, चिंता और अवसाद जैसी समस्याओं के समाधान के रूप में योग की महत्ता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
योग सप्ताह के दूसरे दिन योग विज्ञान संस्थान, दिल्ली के प्रतिष्ठित योग विशेषज्ञ सुनील सैन ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि यदि युवा प्रतिदिन कुछ समय योग और ध्यान को दें, तो वे तनाव, नकारात्मकता और कई बीमारियों से खुद को बचा सकते हैं। उन्होंने योग की ‘फ्री फ्रॉम थ्री डी’—ड्रग, डिजीज और डॉक्टर अवधारणा को समझाते हुए कहा कि योग व्यक्ति को नशे की आदतों, जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों और अनावश्यक चिकित्सकीय निर्भरता से दूर रख सकता है।कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) दीप अहलावत ने सुनील सैन का पौधा भेंट कर स्वागत करते हुए किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल और योग का समन्वय युवाओं को शारीरिक रूप से सक्षम और मानसिक रूप से मजबूत बनाता है।
सुनील सैन ने विद्यार्थियों को ध्यान (मेडिटेशन) का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया। उन्होंने बताया कि नियमित ध्यान से पढ़ाई में एकाग्रता बढ़ती है, खेल प्रदर्शन में सुधार होता है और जीवन की चुनौतियों का सामना करने की क्षमता विकसित होती है। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग और ध्यान से जुड़ी जिज्ञासाओं के उत्तर प्राप्त किए।कार्यक्रम में कुलसचिव सुनील कुमार झा, डीन अकादमिक प्रो. सत्यांत कुमार, डॉ. सोनिया राणा, सिद्धार्थ सागरे, शिवांश पाल समेत विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार योग सप्ताह के दौरान मेरठ और आसपास के क्षेत्रों में योग जागरूकता अभियान, व्याख्यान, योगाभ्यास सत्र और विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य योग को जन-जन तक पहुंचाना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति समाज को जागरूक करना है।


