मेरठ में अब तैयार होंगे खेल पत्रकार, मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय शुरू करेगा नया डिप्लोमा कोर्स

Meerut News : मेरठ के मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय में स्पोर्ट्स जर्नलिज्म एवं मास कम्युनिकेशन का नया पीजी डिप्लोमा शुरू होगा।

Sushil Kumar
Published on: 1 Jun 2026 8:14 PM IST
मेरठ में अब तैयार होंगे खेल पत्रकार, मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय शुरू करेगा नया डिप्लोमा कोर्स
X

Meerut News

Meerut News : देश की स्पोर्ट्स सिटी के रूप में पहचान रखने वाले मेरठ को जल्द ही खेल पत्रकारिता के क्षेत्र में भी नई पहचान मिलने जा रही है। मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय ने आगामी शैक्षणिक सत्र से स्पोर्ट्स जर्नलिज्म एवं मास कम्युनिकेशन में पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रम शुरू करने की घोषणा की है। विश्वविद्यालय का दावा है कि यह पाठ्यक्रम खेल जगत से जुड़े मीडिया, ब्रॉडकास्टिंग, कमेंट्री, डिजिटल कंटेंट और जनसंपर्क जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षित पेशेवर तैयार करेगा।

सोमवार को सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के प्रौद्योगिकी महाविद्यालय सभागार में आयोजित प्रेस ब्रीफिंग में विश्वविद्यालय के कुलपति मेजर जनरल दीप अहलावत (सेवानिवृत्त) ने कहा कि खेल उद्योग तेजी से विस्तार कर रहा है और इसके साथ खेल संचार व मीडिया प्रबंधन के क्षेत्र में विशेषज्ञों की मांग भी बढ़ रही है। ऐसे में यह पाठ्यक्रम युवाओं के लिए रोजगार और करियर के नए अवसर उपलब्ध कराएगा।

कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय की स्थापना केवल खिलाड़ियों को तैयार करने के लिए नहीं, बल्कि खेल पारिस्थितिकी तंत्र से जुड़े सभी क्षेत्रों में दक्ष मानव संसाधन विकसित करने के उद्देश्य से की गई है। उन्होंने कहा कि आज खेलों की उपलब्धियों को समाज तक पहुंचाने और खिलाड़ियों की प्रेरक कहानियों को सामने लाने के लिए प्रशिक्षित खेल पत्रकारों और संचार विशेषज्ञों की आवश्यकता है।

उन्होंने बताया कि नए सत्र में बीपीईएस, बीएससी योग, एमएससी योग और स्पोर्ट्स जर्नलिज्म एवं मास कम्युनिकेशन पीजी डिप्लोमा में प्रवेश लिए जाएंगे। इसके अलावा स्कूल ऑफ कोचिंग के अंतर्गत एथलेटिक्स, हॉकी, कबड्डी, कुश्ती, बॉक्सिंग, बैडमिंटन, योग और इक्वेस्ट्रियन खेलों में पीजी डिप्लोमा शुरू करने का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है।

प्रेस वार्ता के दौरान कुलपति ने विश्वविद्यालय के सलावा परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों और शैक्षणिक विस्तार योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि उच्च गुणवत्ता वाली खेल शिक्षा और प्रशिक्षण के लिए अनुभवी शिक्षकों एवं प्रशिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया भी जारी है।

उन्होंने विश्वास जताया कि मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय आने वाले वर्षों में खेल शिक्षा, खेल विज्ञान, अनुसंधान और खेल प्रबंधन के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर का उत्कृष्ट केंद्र बनकर उभरेगा तथा भारत को खेल महाशक्ति बनाने के लक्ष्य में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

Shalini Rai

Shalini Rai

News Publisher Mail ID - raishalini910@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story