Meerut News: मेरठ में छिपा था आंध्र का सादिक, तीन लोगों की मौत के मामले में स्वाट टीम ने दबोचा

Meerut News: मेरठ में आंध्र प्रदेश के काकीनाडा में तीन लोगों की आत्महत्या के मामले में वांछित आरोपी शेख सादिक खान को मेरठ स्वाट टीम ने गिरफ्तार कर आंध्र पुलिस के हवाले कर दिया।

Sushil Kumar
Published on: 24 Aug 2026 10:10 PM IST
Meerut News: मेरठ में छिपा था आंध्र का सादिक, तीन लोगों की मौत के मामले में स्वाट टीम ने दबोचा
X

Meerut News

Meerut News: आंध्र प्रदेश में एक ही परिवार के तीन लोगों की आत्महत्या के सनसनीखेज मामले में वांछित आरोपी को मेरठ पुलिस की स्वाट टीम ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी काकीनाडा से भागकर मेरठ में छिपा हुआ था। आंध्र प्रदेश पुलिस की सूचना पर मेरठ स्वाट टीम ने उसे दबोचा और बाद में सर्पवरम पुलिस के हवाले कर दिया।

गोदावरी पुल से तीन लोगों ने लगाई थी छलांग

पुलिस के मुताबिक, काकीनाडा जिले के पिठापुरम क्षेत्र में पंचायत राज विभाग में असिस्टेंट इंजीनियर तील्लापुडी नूकाराजू (61), उनकी पत्नी मीना (59) और बेटी सौजन्या (34) ने राजमुंदरी में गोदावरी नदी के पुल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली थी। परिवार के साथ मौजूद 10 साल के बच्चे की जान बच गई थी।

सुसाइड नोट से खुली कहानी

जांच के दौरान मिले सुसाइड नोट और अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस को काकीनाडा में राइफल शूटिंग अकादमी चलाने वाले शेख सादिक खान पर गंभीर आरोपों की जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर परिवार को कथित तौर पर मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित करने, ब्लैकमेल करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप हैं।आरोप है कि सौजन्या के पति की मौत के बाद सादिक ने परिवार से नजदीकी बढ़ाई और मदद करने के बहाने उनके संपर्क में आया। बाद में कथित रूप से दबाव और धमकी देकर बैंक खातों, आभूषणों और संपत्ति पर नियंत्रण करने का प्रयास किया।

आंध्र से भागकर मेरठ में छिपा था

मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए आंध्र प्रदेश से निकलकर मेरठ आ गया था। सर्पवरम पुलिस को उसके मेरठ में छिपे होने की जानकारी मिली तो मेरठ पुलिस से संपर्क किया गया। इसके बाद स्वाट टीम नगर ने उसकी लोकेशन और गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई और उसे गिरफ्तार कर लिया।एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी शेख सादिक खान (26) काकीनाडा, आंध्र प्रदेश का रहने वाला है। उसके खिलाफ सर्पवरम थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद उसे सर्पवरम पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई आंध्र प्रदेश पुलिस कर रही है।

Sushil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sushil Kumar

वरिष्ठ संवाददाता, मेरठmeerutsushilkumar@newstrack.com
Next Story