Meerut News: भाई दूज पर नमो भारत का तोहफा, दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर चलेंगी 32 अतिरिक्त ट्रेनें

Meerut News: भाई दूज पर दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर चलेंगी नमो भारत की 32 अतिरिक्त ट्रेनें, 10 मिनट से कम समय में मिलेगी सेवा, जाम से मिलेगी राहत।

Sushil Kumar
Published on: 9 Nov 2026 6:13 PM IST
Meerut News: भाई दूज पर नमो भारत का तोहफा, दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर चलेंगी 32 अतिरिक्त ट्रेनें
X

Meerut News: भाई दूज पर बहनों के घर पहुंचने की जल्दी हो या त्योहार के दिन परिवार के साथ घूमने की योजना, नमो भारत इस बार लोगों का सफर आसान बनाएगी। त्योहार पर यात्रियों की संभावित भीड़ और सड़कों पर वाहनों का दबाव देखते हुए एनसीआरटीसी ने 11 नवंबर को दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर नमो भारत के 32 अतिरिक्त फेरे चलाने का फैसला किया है। इससे यात्रियों को 10 मिनट से भी कम अंतराल पर ट्रेन उपलब्ध होगी।

भाई दूज पर भाइयों का अपनी बहनों के घर टीका कराने जाना परंपरा का हिस्सा है। ऐसे में सुबह से ही सड़कों और सार्वजनिक परिवहन में यात्रियों की आवाजाही बढ़ जाती है। बुधवार को भाई दूज के साथ सामान्य कामकाजी दिन भी होने से नौकरीपेशा लोगों और रोजाना सफर करने वालों की भीड़ भी रहेगी। ऐसे में अतिरिक्त ट्रेनें त्योहार की भागदौड़ के बीच लोगों को बड़ी राहत दे सकती हैं।

जाम में फंसने के बजाय तेज सफर का विकल्प

त्योहारों पर दिल्ली-मेरठ मार्ग पर वाहनों की संख्या बढ़ने से कई बार यात्रियों को घंटों जाम से जूझना पड़ता है। नमो भारत ऐसे यात्रियों के लिए तेज, आरामदायक और भरोसेमंद विकल्प बनकर सामने आई है। अतिरिक्त फेरों से ट्रेनों का इंतजार घटेगा और यात्रियों को बैठने की बेहतर सुविधा मिलेगी। इससे लोग निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने के लिए भी प्रेरित होंगे।

प्रदूषण से लड़ाई में भी सार्वजनिक परिवहन पर जोर

दिल्ली-एनसीआर में दीपावली से पहले ही वायु प्रदूषण गंभीर स्तर पर पहुंच गया था। त्योहार के बाद स्थिति और खराब हुई। प्रदूषण और यातायात के दबाव को देखते हुए एनसीआरटीसी पहले से ही नमो भारत के 20 अतिरिक्त फेरे चला रहा है। भाई दूज पर इनकी संख्या बढ़ाकर 32 कर दी गई है।

एनसीआरटीसी की इस पहल का मकसद त्योहार पर यात्रियों को सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराने के साथ निजी वाहनों पर निर्भरता कम करना भी है। सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल बढ़ने से सड़कों पर वाहनों का दबाव और प्रदूषण कम करने में मदद मिल सकती है।

Sushil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sushil Kumar

वरिष्ठ संवाददाता, मेरठmeerutsushilkumar@newstrack.com
Next Story