TRENDING TAGS :
Meerut News: पुलिस मुठभेड़ में शातिर स्नैचर गिरफ्तार, तीन लूट का खुलासा; 40 हजार कैश और तमंचा बरामद
Meerut News: मेरठ में पुलिस मुठभेड़ के बाद शातिर स्नैचर गिरफ्तार हुआ। आरोपी से तीन लूट का खुलासा, 40 हजार रुपये कैश और तमंचा बरामद किया गया।
Meerut News(Photo-Social Media)
Meerut News: मेरठ में चैन स्नैचिंग और लूट की लगातार वारदातों से परेशान पुलिस को बृहस्पतिवार को बड़ी कामयाबी मिली। स्वाट टीम नगर और पल्लवपुरम थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद शातिर चैन स्नैचर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पकड़ा गया आरोपी अकेले ही महिलाओं को निशाना बनाकर चेन और कुंडल लूटता था। उसकी गिरफ्तारी के बाद पल्लवपुरम, गंगानगर और भावनपुर क्षेत्र में हुई तीन लूट की वारदातों का खुलासा हुआ है।
खनौदा से दुल्हैड़ा चौहान के बीच हुई मुठभेड़
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि चैन स्नैचिंग और लूट की वारदातों में शामिल आरोपी तरुण ठाकुर उर्फ अभिषेक ठाकुर उर्फ काला ठाकुर (28) खनौदा गांव से दुल्हैड़ा चौहान की तरफ आने वाला है। स्वाट टीम नगर और पल्लवपुरम पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस ने संदिग्ध को रोकने की कोशिश की तो उसने कथित तौर पर पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
तीन लूट की वारदातें कबूलीं
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने 31 जुलाई को पल्लवपुरम थाना क्षेत्र के उल्देपुर चौराहे के पास एक महिला से चेन छीनने की बात बताई। उसी दिन भावनपुर क्षेत्र में एक महिला के कुंडल लूटने और तीन अगस्त को गंगानगर क्षेत्र में एक महिला के कुंडल छीनने की वारदात भी कबूल की। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने इन वारदातों को अकेले अंजाम दिया था। इसके अलावा आरोपी ने दो अगस्त को मेडिकल थाना क्षेत्र से यामाहा आर-15 बाइक चोरी करने की बात भी पूछताछ में बताई है।
40 हजार रुपये और तमंचा बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और मुठभेड़ में इस्तेमाल हुए दो खोखे बरामद किए हैं। इसके अलावा अलग-अलग लूट की घटनाओं से संबंधित 18 हजार, 11,500 और 10,500 रुपये बरामद हुए हैं। कुल 40 हजार रुपये नकद मिले हैं। पुलिस ने काले रंग की बजाज पल्सर बाइक भी बरामद की है।
पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार, तरुण ठाकुर के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें गैंगस्टर एक्ट, लूट, चोरी, बरामदगी और अन्य धाराओं के मुकदमे शामिल हैं। मेडिकल, देहली गेट और पल्लवपुरम थानों में भी उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी ने हाल के दिनों में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।


