Meerut News: सांसद वाजपेयी के घर के पास मंदिर में चोरी का 30 घंटे में खुलासा, 5 मूर्तियां बरामद

मेरठ में भाजपा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी के घर के पास मंदिर में चोरी का खुलासा। पुलिस ने 30 घंटे में बरामद कीं 5 मूर्तियां, आरोपी गिरफ्तार।

Sushil Kumar
Published on: 1 Nov 2026 3:59 PM IST
Meerut News:  सांसद वाजपेयी के घर के पास मंदिर में चोरी का 30 घंटे में खुलासा, 5 मूर्तियां बरामद
X

Meerut News: भाजपा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी के आवास के पास न्यू मोहनपुरी स्थित दयालेश्वर महादेव मंदिर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने 30 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी की गई पांचों मूर्तियां बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक किशोर को संरक्षण में लिया गया है। आरोपियों ने पुलिस की घेराबंदी के दौरान फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पीछा करने के दौरान बाइक फिसलने से गिरफ्तार आरोपी घायल हो गया।

सिविल लाइन थाना क्षेत्र के न्यू मोहनपुरी स्थित दयालेश्वर महादेव मंदिर में शुक्रवार देर रात करीब एक बजे बाइक सवार चोरों ने धावा बोला था। चोर मंदिर से लड्डू गोपाल, राधा रानी और भगवान विष्णु की मूर्तियों समेत पांच मूर्तियां तथा सोने-चांदी का कीमती सामान चोरी कर ले गए थे। शनिवार सुबह मंदिर पहुंचे पुजारी रोशन झा को चोरी का पता चला तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सांसद के आवास के पास मंदिर में चोरी की घटना से इलाके में भी नाराजगी थी।

एसपी सिटी के निर्देशन और सीओ सिविल लाइन दीक्षा भौरया के पर्यवेक्षण में सिविल लाइन पुलिस और स्वाट टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर रविवार देर रात आरोपियों की घेराबंदी की गई। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की और भागने लगे। पीछा करने के दौरान मोटरसाइकिल फिसलने से गौरव कुमार के हाथ में चोट लग गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सीओ सिविल लाइन दीक्षा भौरया ने रविवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपी गौरव कुमार भावनपुर क्षेत्र के स्याल गांव का रहने वाला है। उसके साथ एक किशोर को भी संरक्षण में लिया गया है। जांच में रोहित कुमार नाम के एक अन्य युवक की संलिप्तता सामने आई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो सफेद धातु और तीन पीली धातु की मूर्तियां, वारदात में इस्तेमाल स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल, .315 बोर का तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चोरी की मूर्तियों को बेचने के लिए ले जा रहे थे। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Sushil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sushil Kumar

वरिष्ठ संवाददाता, मेरठmeerutsushilkumar@newstrack.com
Next Story