Meerut News: शादी से इनकार पर बहन के साथ मिलकर की थी नर्स की हत्या, मुख्य आरोपी सूफियान गिरफ्तार

Meerut News : शादी का दबाव बनाने पर नर्स की गला दबाकर हत्या, मुख्य आरोपी सूफियान गिरफ्तार, बहन भी साजिश में शामिल

Sushil Kumar
Published on: 25 May 2026 9:12 PM IST
Meerut News: शादी से इनकार पर बहन के साथ मिलकर की थी नर्स की हत्या, मुख्य आरोपी सूफियान गिरफ्तार
X

Meerut Nurse Murder Case

Meerut News: मेडिकल थाना क्षेत्र में नर्स की हत्या के सनसनीखेज मामले में मेरठ पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी सूफियान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपनी बहन साजिदा के साथ मिलकर युवती की गला दबाकर हत्या की थी। वारदात के बाद शव को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी के बाहर छोड़कर आरोपी फरार हो गए थे। इस मामले में पहले ही दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस के अनुसार, 21 मई को पीड़िता के भाई ने मेडिकल थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि लिसाड़ी गेट क्षेत्र निवासी सूफियान ने युवती को शादी का झांसा देकर अपने संपर्क में लिया और उसे लोहियानगर स्थित किराये के कमरे पर ले गया। वहां उसकी बहन साजिदा भी मौजूद थी। आरोप है कि जब युवती ने शादी का दबाव बनाया तो दोनों ने मिलकर रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए शव को ई-रिक्शा में रखकर मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी के बाहर छोड़ दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि इस काम में मेडिकल कॉलेज का वार्ड ब्वाय जबर सिंह भी शामिल था। उसने आरोपियों की मदद की और शव को इमरजेंसी गेट के पास छोड़ने की पूरी योजना में सहयोग किया।

एसएसपी के निर्देश पर स्वाट टीम नगर और मेडिकल थाना पुलिस लगातार मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी थी। शनिवार देर रात पुलिस ने सूफियान को मेडिकल थाना क्षेत्र के गुर्जर चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जाएगी।

Shalini Rai

Shalini Rai

News Publisher Mail ID - raishalini910@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story