TRENDING TAGS :
Meerut News: मेरठ के पीएमश्री स्कूल में बनेगा साइंस-मैथ्स गार्डन, 26 मॉडल से समझेंगे विज्ञान और गणित
Meerut News: मेरठ के एक पीएमश्री विद्यालय में पांच लाख रुपये की लागत से साइंस-मैथ्स गार्डन बनाया जाएगा। यहां 26 मॉडल और उपकरणों के जरिए छात्र सौरमंडल, रोबोट, ड्रोन, रॉकेट और गणितीय अवधारणाओं को व्यावहारिक रूप से समझ सकेंगे।
Meerut News
Meerut News: अब विज्ञान और गणित सिर्फ किताबों के पन्नों तक सीमित नहीं रहेंगे। जिले के एक पीएमश्री विद्यालय में पांच लाख रुपये की लागत से साइंस और मैथ्स गार्डन तैयार किया जाएगा। मॉडल डेमॉन्स्ट्रेशन पार्क के तौर पर विकसित होने वाले इस गार्डन में बच्चे सौरमंडल से लेकर रोबोट और ड्रोन तक के मॉडल देखकर विज्ञान और गणित की अवधारणाओं को व्यावहारिक तरीके से समझ सकेंगे। शासन के निर्देश के बाद विद्यालय चयन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। गार्डन को दिसंबर तक तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
गार्डन के लिए ऐसे पीएमश्री विद्यालय का चयन किया जा रहा है, जहां विद्यार्थियों की पहुंच आसान हो और मॉडल लगाने के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध हो। यहां विज्ञान और गणित से जुड़े 26 तरह के मॉडल और उपकरण स्थापित किए जाएंगे। इनमें ट्रैफिक टावर ट्री, डायरेक्शन टावर ट्री, सोलर सिस्टम मॉडल, एआर सोलर सिस्टम चार्ट, डिस्टेंस मीटर, ड्रोन, रॉकेट किट और रोबोटिक लर्निंग किट प्रमुख हैं।
मॉडल देखकर समझेंगे कठिन अवधारणाएं
सौरमंडल मॉडल के जरिए बच्चे सूर्य और ग्रहों की संरचना व स्थिति को समझेंगे। कोण मॉडल से विभिन्न कोणों की जानकारी दी जाएगी। दूरी मापक मॉडल के माध्यम से मिलीमीटर, सेंटीमीटर, मीटर और किलोमीटर जैसी माप की इकाइयों को व्यावहारिक रूप से समझाया जाएगा। कृत्रिम मानव मॉडल से शरीर के प्रमुख अंगों की जानकारी मिलेगी। वहीं ट्रैफिक और दिशा टावर के जरिए यातायात संकेतों तथा चारों दिशाओं को समझने का अवसर मिलेगा।गार्डन तैयार होने के बाद केवल संबंधित विद्यालय के विद्यार्थी ही नहीं, बल्कि जिले के अन्य विद्यालयों के बच्चे भी यहां शैक्षिक भ्रमण के लिए आ सकेंगे। इससे विद्यार्थियों को प्रयोग और मॉडल के माध्यम से सीखने का अवसर मिलेगा।
जेम पोर्टल से होगी खरीद, समिति रखेगी नजर
गार्डन में लगाए जाने वाले मॉडल और उपकरणों की खरीद जेम पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। निर्माण और व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए जिला स्तर पर समिति गठित की जाएगी। जिलाधिकारी समिति के अध्यक्ष होंगे, जबकि मुख्य विकास अधिकारी सदस्य और बेसिक शिक्षा अधिकारी सदस्य-सचिव होंगे। विज्ञान विषय के एक प्राध्यापक और जिले के किसी उच्च शिक्षण संस्थान से तकनीकी विशेषज्ञ को भी समिति में शामिल किया जाएगा।बीएसए आशा चौधरी ने बताया कि पीएमश्री विद्यालयों में आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। साइंस और मैथ्स गार्डन के माध्यम से विद्यार्थियों को विषयों को देखकर, समझकर और गतिविधियों के जरिए सीखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि विद्यालय चयन की प्रक्रिया चल रही है और गार्डन को दिसंबर तक तैयार करने का लक्ष्य है।


