TRENDING TAGS :
Meerut News : भूनी टोल पर घेराबंदी, 1.20 करोड़ की हेरोइन के साथ तस्कर दबोचा
Meerut News : मेरठ के भूनी टोल पर पुलिस और एएनटीएफ ने 1.20 करोड़ की हेरोइन संग तस्कर को गिरफ्तार किया।
Meerut News : उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले की सरूरपुर थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) सहारनपुर की संयुक्त टीम ने सोमवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए 640 ग्राम हेरोइन के साथ एक कथित तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी के कब्जे से बाइक, मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, एएनटीएफ सहारनपुर को सूचना मिली थी कि शामली का रहने वाला शौकीन अली बरेली से हेरोइन लेकर मेरठ के रास्ते शामली जाने वाला है। सूचना मिलते ही सरूरपुर पुलिस और एएनटीएफ टीम ने थाना सरुरपुर प्रभारी गौरव सिंह की अगुवाई में भूनी टोल से शामली जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर चेकिंग अभियान शुरू किया। 25/26 मई की रात एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शौकीन अली पुत्र अलीशेर निवासी पावटी कलां थाना कैराना, जिला शामली बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से 640 ग्राम हेरोइन, एक हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस का कहना है कि पकड़ी गई हेरोइन की सप्लाई पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में की जानी थी।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार अब तक की जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट, चोरी और अन्य मामलों में शामली जिले के विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे अदालत में पेश कर दिया है। अब पुलिस उसके नेटवर्क और हेरोइन सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।


