TRENDING TAGS :
Meerut News: मेरठ में मिनी गन फैक्ट्री पकड़ी, दो अंतरराज्यीय हथियार तस्कर गिरफ्तार
Meerut News: मेरठ पुलिस ने लिसाड़ी गेट और लोहियानगर क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया और दो अंतरराज्यीय हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया।
Meerut News
Meerut News: उत्तर प्रदेश की मेरठ पुलिस ने अवैध हथियार कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लिसाड़ी गेट और लोहियानगर इलाके में संचालित एक मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। स्वाट टीम प्रथम नगर और लिसाड़ी गेट थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो अंतरराज्यीय हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से तैयार और अर्द्धनिर्मित पिस्टल, मैगजीन, हथियार बनाने के उपकरण तथा एक स्कूटी बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर की सूचना पर पिलोखड़ी पुल के पास से शुऐब उर्फ शोएब उर्फ सैफ को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से .32 बोर की पिस्टल, मैगजीन और स्कूटी बरामद हुई। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह अवैध हथियार शान इलाही उर्फ सोनू और उसके साथी सलमान से लेकर 35 से 40 हजार रुपये में बेचता था।इसके बाद पुलिस ने लोहियानगर की आशियाना कॉलोनी स्थित मकान पर छापा मारा, जहां से शान इलाही को गिरफ्तार किया गया। मकान के भीतर अवैध हथियार बनाने की पूरी फैक्ट्री संचालित मिली। यहां से तीन तैयार पिस्टल, दो अर्द्धनिर्मित पिस्टल, 20 अर्द्धनिर्मित मैगजीन, लोहे के पाइप, ड्रिल मशीन, ग्राइंडर, वेल्डिंग मशीन, स्प्रिंग, ट्रिगर और अन्य उपकरण बरामद किए गए।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से अवैध हथियार तैयार कर पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में सप्लाई कर रहे थे। गिरफ्तार शुऐब पर पहले से हत्या के प्रयास, चोरी और आयुध अधिनियम के कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि शान इलाही पर भी पूर्व में केस दर्ज बताया गया है।एसएसपी के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई को मेरठ पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब फरार आरोपी सलमान और हथियार खरीदने वाले नेटवर्क की तलाश में जुटी है।


