Meerut News: दिल्ली से लेकर पश्चिमी यूपी तक फैला था कार चोरों का नेटवर्क, दो शातिर गिरफ्तार

Meerut News: मेरठ पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी की हुंडई क्रेटा, फर्जी नंबर प्लेट, डिजिटल चाबियां और कई उपकरण बरामद हुए हैं।

Sushil Kumar
Published on: 14 Jun 2026 10:00 PM IST
Meerut News: दिल्ली से लेकर पश्चिमी यूपी तक फैला था कार चोरों का नेटवर्क, दो शातिर गिरफ्तार
X

Meerut News: मेरठ पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। लिसाड़ी गेट थाना पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की हुंडई क्रेटा कार, सात फर्जी नंबर प्लेट, छह डिजिटल कार चाबियां और वाहन चोरी में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लग्जरी कारों को निशाना बनाता था।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर मदीना फेस-2 स्थित एक खाली प्लॉट से निशांत और नदीम उर्फ पा को गिरफ्तार किया गया। दोनों ने पूछताछ में बताया कि वे पांच सदस्यीय गैंग का हिस्सा हैं, जिसका सरगना फरमान है। गिरोह के सदस्य चोरी की गई गाड़ियों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उन्हें ठिकाने लगाते थे।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने करीब एक माह पहले दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके से हुंडई क्रेटा, 20 दिन पहले अलीगढ़ के आवास विकास क्षेत्र से हुंडई अल्काजार और नौ जून की रात दिल्ली के छतरपुर इलाके से फॉर्च्यूनर कार चोरी की थी। इन मामलों में संबंधित थानों में मुकदमे भी दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से सात फर्जी नंबर प्लेट, छह डिजिटल कार चाबियां, तीन अर्धनिर्मित चाबियां, वायर कटर, पाइप रिंच, पेचकस और अन्य उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि फरार तीन अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी नदीम उर्फ पा के खिलाफ लूट, हत्या के प्रयास, वाहन चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत एक दर्जन से अधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की गई बाकी गाड़ियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

Sushil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sushil Kumar

Next Story