TRENDING TAGS :
मेरठ में 25 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, बाइक फिसलने से पकड़ा गया
Meerut News: सरूरपुर के रासना गांव में दो घरों में चोरी करने वाले इनामी अनस उर्फ भूरा पर पुलिस फायरिंग के बाद कार्रवाई; आभूषण, नकदी व तमंचा बरामद
Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ के सरूरपुर के रासना गांव में दो घरों में नकबजनी की घटनाओं में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा किया तो उसकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में उसके बाएं हाथ में चोट आई। पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी के आभूषण, 22 हजार रुपये नकद, एक चोरी की बाइक और तमंचा बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, सरूरपुर थाना क्षेत्र के रासना गांव में दो घरों में घुसकर आभूषण और नकदी चोरी की गई थी। दोनों घटनाओं में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। जांच के दौरान अनस उर्फ भूरा निवासी मिर्जापुर, थाना रोहटा का नाम सामने आया। उस पर रोहटा थाने से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस पर की फायरिंग
10 और 11 नवंबर की मध्यरात्रि पुलिस ने अनस की घेराबंदी की। इस दौरान बाइक सवार आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई और भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो उसकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। इससे उसके बाएं हाथ में चोट आ गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
आभूषण और चोरी की बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीली धातु के एक जोड़ी कुंडल, सफेद धातु की पांच अंगूठियां, एक जोड़ी पाजेब, एक जोड़ी बिछुए और दो सिक्के बरामद किए हैं। इसके अलावा 22 हजार रुपये नकद, चोरी की स्प्लेंडर बाइक और .315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस व एक खोखा कारतूस भी मिला है। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।


