Meerut News: असलहा तस्करों से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद एक गिरफ्तार

Meerut News: मेरठ के परतापुर में पुलिस मुठभेड़ के बाद अवैध असलहा तस्करी के आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से .32 बोर पिस्टल और कारतूस बरामद हुए।

Sushil Kumar
Published on: 14 Sept 2026 9:40 AM IST
Meerut News: असलहा तस्करों से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद एक गिरफ्तार
X

Meerut Police Encounter

Meerut News: परतापुर क्षेत्र में अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त करने वाले बदमाशों और पुलिस के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। अछरोंदा-बहादुरपुर अंडरपास (डीएमई) के पास हुई मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे घायल हालत में गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके तीन साथी मौके से फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपी के पास से .32 बोर की पिस्टल, मैगजीन और कारतूस बरामद हुए हैं।

पुलिस के मुताबिक, सोमवार तड़के मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त के लिए अछरोंदा-बहादुरपुर अंडरपास के पास मौजूद हैं। इस पर परतापुर पुलिस और नगर स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस टीम ने संदिग्धों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और बहादुरपुर की तरफ भागने लगे।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई। उसकी पहचान आमिर (34) पुत्र हाजी फरियाद, निवासी मकान नंबर 53, वेलकम कॉलोनी, थाना वेलकम, दिल्ली के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए पीएल शर्मा अस्पताल भेजा।

चोरी की बाइक भी बरामद

पुलिस ने आरोपी के पास से .32 बोर की पिस्टल, एक मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया। मौके से आरोपी की स्कूटी (DL5SDN1734) के अलावा उसके फरार साथियों की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (UP15DD0096) भी मिली है। पुलिस के अनुसार, बरामद मोटरसाइकिल चोरी की है।

फरार तीन आरोपियों की तलाश में आसपास के थानों की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। इलाके में घेराबंदी और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

Sushil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sushil Kumar

वरिष्ठ संवाददाता, मेरठmeerutsushilkumar@newstrack.com
Next Story