TRENDING TAGS :
Meerut News: गोकशी के आरोपियों और पुलिस के बीच मुठभेड़, दो अभियुक्तों के पैर में लगी गोली
Meerut News: कंकरखेड़ा के जटौली कट पर चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग करने वाले दो गोकश जवाबी कार्रवाई में घायल, हथियार और औजार बरामद।
Meerut Kankarkheda Police Encounter
Meerut News: कंकरखेड़ा के जटौली कट पर बुधवार तड़के पुलिस चेकिंग के दौरान एक कार अचानक पुलिस के लिए चुनौती बन गई। पुलिस ने संदिग्ध कार को रोकने की कोशिश की तो उसमें सवार युवक भागने लगे। घेराबंदी हुई तो पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया। वहीं, अंधेरे का फायदा उठाकर तीसरा आरोपी फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, कंकरखेड़ा पुलिस और स्वाट टीम नगर की संयुक्त टीम जटौली कट पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक कार आती दिखाई दी। पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने का इशारा किया, लेकिन कार सवार भागने लगे। टीम ने पीछा कर घेराबंदी की। आरोप है कि खुद को घिरता देखकर कार सवारों ने पुलिस टीम पर गोली चला दी।
जवाबी फायरिंग में जावेद (24) और शाह आलम के बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस के मुताबिक फरार आरोपी की पहचान शोएब उर्फ कादिर उर्फ छोटू के रूप में हुई है। उसकी तलाश में पुलिस टीम कॉम्बिंग और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
जंगेठी की घटना में थे वांछित
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार दोनों आरोपी 13 सितंबर को कंकरखेड़ा क्षेत्र के जंगेठी गांव में हुई गोकशी की घटना के मामले में वांछित थे। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने उक्त घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
कार से तमंचे और गोकशी के औजार मिले
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल कार, 315 बोर के दो देशी तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और गोकशी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक जंगेठी की घटना के संबंध में कंकरखेड़ा थाने में उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम की धाराओं 3/5/8 और पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 के तहत मुकदमा दर्ज है। मुठभेड़ के संबंध में भी आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।


