TRENDING TAGS :
Meerut News: मेरठ में RLD की बड़ी तैयारी, 11 अक्टूबर का मंडल सम्मेलन बनेगा ऐतिहासिक
Meerut News: 11 अक्टूबर का मंडल सम्मेलन ऐतिहासिक बनाने का संकल्प। जानें रणनीतिक बैठक में क्या तय हुआ? त्रिलोक त्यागी, अनिल कुमार सहित कौन से बड़े नेता होंगे शामिल और क्या है 50 बसों का लक्ष्य?
Meerut News: राष्ट्रीय लोकदल (RLD) ने मेरठ में 11 अक्टूबर को होने जा रहे मंडल सम्मेलन को लेकर शनिवार को जिला कार्यालय पर रणनीतिक बैठक की। पार्टी ने इस सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लेते हुए मेरठ जनपद से 50 बसों और सैकड़ों कारों में कार्यकर्ताओं को लेकर पहुंचने का लक्ष्य तय किया।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में मंडल अध्यक्ष इंदरवीर भाटी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन पार्टी की शक्ति और जनाधार का प्रतीक बनेगा। इसमें राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) त्रिलोक त्यागी, कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान, चंदन चौहान सहित राष्ट्रीय व प्रदेश स्तर के कई बड़े नेता शामिल होंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे गांव-गांव जाकर अधिक से अधिक लोगों को जोड़ें और सम्मेलन को सफल बनाएं। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष मतलूब गौड़ ने की और संचालन मेरठ प्रभारी एवं क्षेत्रीय महासचिव गौरव जिटोली ने किया। मतलूब गौड़ ने कहा कि मुस्लिम समाज ने हमेशा चौधरी जयंत सिंह पर भरोसा किया है और इस बार भी बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक समुदाय सम्मेलन में शामिल होगा।
प्रदेश मीडिया प्रभारी सुनील रोहटा ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक विधानसभा से बसों का प्रबंध किया जाएगा। “आज से ही पदाधिकारी गांव-गांव जाएंगे और लोगों को जागरूक करेंगे ताकि सम्मेलन को एक बड़ी सफलता बनाया जा सके।”प्रदेश अध्यक्ष (सामाजिक न्याय मंच) संगीता दोहरे ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल हर समाज को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। 11 अक्टूबर का यह कार्यक्रम इतिहास में दर्ज होगा। अनुसूचित जाति/जनजाति आयोग के सदस्य नरेंद्र खजूरी ने इसे मेरठ के लिए गौरव का क्षण बताया और कहा कि सम्मेलन में सभी की भागीदारी आवश्यक है।
प्रदेश सचिव रणवीर दहिया और मेरठ प्रभारी गौरव जिटोली ने भरोसा जताया कि RLD में हर वर्ग का हित सुरक्षित है और यही कारण है कि सर्वसमाज पार्टी की ओर देख रहा है। बैठक में सुनील रोहटा, मतलूब गौड़, संगीता दोहरे, गौरव जिटोली, नरेंद्र खजूरी, डॉ. सुशील, विनय मल्लापुर, सतीश त्यागी, प्रतीक जैन, आतिर रिज़वी, अजीत प्रताप, दीपक गून, विश्वास पिलोना सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।


