TRENDING TAGS :
Meerut News: युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या, फिर मारी गोली; दो घंटे में पकड़े गए आरोपी
Meerut News:मेरठ के सरूरपुर में 22 वर्षीय युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या के बाद गोली मारी गई, पुलिस ने सीसीटीवी से दो आरोपियों को दो घंटे में पकड़ा।
Meerut News: मेरठ के सरूरपुर इलाके में 22 साल के युवक की सरेआम चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने युवक पर चाकुओं से 10 से 15 वार करने के बाद उसे गोली भी मार दी। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर करीब दो घंटे में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
घर से टहलने निकला था सलीम, रास्ते में घेरकर हमला
घटना सरूरपुर थाना क्षेत्र के डाहर गांव की है। गांव में मजदूरी करने वाला 22 वर्षीय सलीम उर्फ मन्नू शुक्रवार रात घर से कुछ दूरी पर प्राथमिक विद्यालय की ओर गोटका मार्ग पर टहलने गया था। इसी दौरान कुछ युवकों ने उसे घेर लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, हमलावरों ने उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। बताया जा रहा है कि सलीम पर 10 से 15 वार किए गए। इसके बाद हमलावरों ने उसे गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।घटना के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो सलीम मृत पड़ा था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
एक साल पुरानी ईद की रंजिश में हत्या का आरोप
पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे एक साल पुरानी रंजिश सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, पिछले साल ईद के दौरान सलीम का गांव के ही शहजाद और गुलजार से विवाद हुआ था। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी। पुलिस का कहना है कि इसी रंजिश के चलते सलीम की हत्या की गई।
चार टीमें लगाईं, दो घंटे में गिरफ्तारी
वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की थीं। एसपी देहात अभिजीत कुमार ने शनिवार सुबह बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने करीब दो घंटे में मुख्य आरोपी शहजाद और गुलजार को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी देहात के अनुसार, मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


