TRENDING TAGS :
Meerut News: सड़क खोदकर पाइपलाइन डाली, मरम्मत करना भूले जिम्मेदार; बारिश से बना दलदल
Meerut News: मेरठ की शिवकुंज कॉलोनी में पाइपलाइन के लिए खोदी सड़क बनी दलदल; 200 से ज्यादा परिवार परेशान, बच्चों का स्कूल जाना भी हुआ मुश्किल।
Meerut News: सड़क थी पक्की, टाइल्स लगी थीं और लोग आराम से अपने घरों तक पहुंचते थे। करीब 15 दिन पहले पाइपलाइन डालने के लिए सड़क खोदी गई। पाइपलाइन पड़ गई, लेकिन सड़क की मरम्मत का काम शायद बारिश का इंतजार कर रहा था। एक दिन की बारिश ने बची-खुची कसर पूरी कर दी और पूरी सड़क कीचड़ के दलदल में बदल गई।
मामला भोला रोड स्थित शिवकुंज कॉलोनी गेट नंबर-2 का है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि पाइपलाइन डालने के बाद ठेकेदार ने सड़क पर मिट्टी डालकर उसे ऐसे ही छोड़ दिया। अब बारिश के बाद मुख्य रास्ते पर जगह-जगह कीचड़ और पानी भर गया है। हालात ऐसे हैं कि लोगों के लिए घर से बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया है।
बच्चों का स्कूल जाना भी मुश्किल
कॉलोनी के 200 से ज्यादा परिवार इस समस्या से प्रभावित हैं। सबसे ज्यादा परेशानी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों को स्कूल भेजना भी मुश्किल हो गया है। कीचड़ में फिसलने का खतरा बना हुआ है।
‘आज-कल’ में अटकी सड़क की मरम्मत
कॉलोनीवासियों के मुताबिक, ठेकेदार से कई बार सड़क ठीक कराने को कहा गया, लेकिन हर बार जल्द काम कराने का आश्वासन मिला। लोगों का कहना है कि पाइपलाइन डालने के लिए सड़क खोदना काम का हिस्सा हो सकता है, लेकिन सड़क को उसी हालत में छोड़ देना किसी भी तरह उचित नहीं है।
भारतीय व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष पीयूष गोयल ने कहा कि कॉलोनीवासी कोई नई सड़क नहीं मांग रहे हैं। उनकी सीधी मांग है कि जिस टाइल्स वाली सड़क को पाइपलाइन के लिए खोदा गया था, उसे पहले जैसी स्थिति में दोबारा बनाया जाए। उन्होंने संबंधित विभाग और ठेकेदार से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।


