Meerut एसएसपी ऑफिस के बाहर चाकू लेकर पहुंची महिला, बोली- सुनवाई नहीं हुई तो खुद को नुकसान पहुंचाऊंगी

Meerut News: सरधना की महिला ने सुनवाई न होने पर खुद को नुकसान पहुंचाने की दी धमकी। पुलिस ने महिला को इलाज के लिए भेजा, जांच शुरू।

Sushil Kumar
Published on: 23 Sept 2026 9:36 PM IST
Meerut एसएसपी ऑफिस के बाहर चाकू लेकर पहुंची महिला, बोली- सुनवाई नहीं हुई तो खुद को नुकसान पहुंचाऊंगी
X

Meerut News: एसएसपी ऑफिस के बाहर बुधवार दोपहर उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक महिला हाथ में चाकू लेकर पहुंच गई। गेट पर पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने चाकू नुमा धारदार सामान निकाल लिया और खुद को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने लगी। करीब आधे घंटे तक महिला पुलिसकर्मियों से उलझती रही और अपनी शिकायत पर कार्रवाई की मांग करती रही। पुलिस ने काफी देर तक उसे समझाने की कोशिश की। बाद में सूझबूझ दिखाते हुए महिला को काबू में कर लिया गया।


महिला सरधना थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। उसका आरोप है कि विनय नाम का युवक करीब एक महीने से उसे परेशान कर रहा है। महिला के मुताबिक, उसने इस मामले में पहले भी पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। उसका कहना था कि शिकायत लेकर उसे लगातार थाने और अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ रहे थे। इसी से परेशान होकर वह एसएसपी ऑफिस पहुंची थी।

गेट पर रोका तो निकाला धारदार सामान

बुधवार दोपहर महिला एसएसपी ऑफिस के गेट पर पहुंची। वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने का प्रयास किया। इससे वह भड़क गई और हंगामा करने लगी। इसी दौरान उसने अपने पास से चाकू नुमा धारदार सामान निकाल लिया। वह खुद को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने लगी। महिला के हाथ में चोट भी आई। घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान वहां लोगों की भीड़ भी जमा हो गई।पुलिसकर्मियों ने महिला से बातचीत कर उसे शांत कराने की कोशिश की। महिला लगातार अपनी शिकायत पर कार्रवाई की मांग करती रही। पुलिस ने काफी देर तक समझाने के बाद उसे काबू में किया और उसके हाथ से धारदार सामान हटा दिया।

पुलिस बोली- शिकायत की भी जांच होगी

एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक महिला खुद को चोट पहुंचाने का प्रयास कर रही थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे रोक लिया। महिला को हल्की चोट आई है और उसका उपचार कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि महिला की शिकायत और उसके लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। पूरे मामले में जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Sushil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sushil Kumar

वरिष्ठ संवाददाता, मेरठmeerutsushilkumar@newstrack.com
Next Story