Meerut News: आसमान में पहली बार सूर्यकिरण का रोमांच, 9 हॉक विमानों ने दिखाए करतब

Meerut News: मेरठ में पहली बार सूर्यकिरण एयरोबैटिक टीम के नौ हॉक विमानों ने रोमांचक हवाई करतब दिखाए, हजारों दर्शकों ने आसमान में देखा शानदार नजारा।

Sushil Kumar
Published on: 19 Sept 2026 11:33 AM IST
Meerut News: आसमान में पहली बार सूर्यकिरण का रोमांच, 9 हॉक विमानों ने दिखाए करतब
X

Meerut Air Show

Meerut News: मेरठ ने शनिवार को आसमान में ऐसा नजारा देखा, जिसे शहर लंबे समय तक याद रखेगा। पहली बार मेरठ में भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एयरोबैटिक टीम (SKAT) ने अपने नौ हॉक एमके-132 विमानों के साथ हवाई करतब दिखाए। सुबह 10:30 बजे न्यू इंटीग्रेटेड टाउनशिप के ऊपर जैसे ही नौ विमानों की गड़गड़ाहट गूंजी, मैदान में मौजूद हजारों लोगों की नजरें आसमान पर टिक गईं। कुछ ही पलों में अलग-अलग दिशाओं में उड़ते विमान एक साथ फॉर्मेशन में आए और फिर देखते ही देखते अलग होकर आसमान में कलाबाजियां करने लगे। बच्चों से लेकर बड़ों तक हर कोई इस रोमांचक प्रदर्शन को मोबाइल कैमरे में कैद करता नजर आया।

हिंडन एयरबेस से उड़ान भरकर मेरठ पहुंचे सूर्यकिरण के नौ विमानों ने एक साथ फॉर्मेशन में उड़ान भरी। कभी सभी विमान बेहद करीब एक सीध में नजर आए तो कभी वर्टिकल और हॉरिजॉन्टल फॉर्मेशन बनाकर आसमान में अपनी सटीक उड़ान का प्रदर्शन किया। लूप, बैरल रोल, उल्टी उड़ान और चर्चित ‘डीएनए मैन्यूवर’ ने दर्शकों को खासा रोमांचित किया। विमानों के बीच बेहद कम दूरी पर होने वाली उड़ान और पलक झपकते ही बदलते फॉर्मेशन ने लोगों को सीट से उठकर आसमान की ओर देखने को मजबूर कर दिया।

मेरठ के तीन अफसरों ने बढ़ाया शहर का गौरव

इस एयर शो का मेरठ से खास कनेक्शन भी है। सूर्यकिरण एयरोबैटिक टीम में मेरठ के तीन स्क्वाड्रन लीडर शामिल हैं। स्क्वाड्रन लीडर अमन गोयल और स्क्वाड्रन लीडर राहुल सिंह ने हवा में विमानों की कमान संभाली और करतब दिखाए। वहीं स्क्वाड्रन लीडर शरद गोयल ने जमीन से पूरे शो के संचालन और प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाली। मेरठ के लोगों के लिए यह महज एयर शो नहीं, बल्कि अपने शहर के इन तीन वायु योद्धाओं को आसमान में प्रदर्शन करते देखने का भी खास मौका रहा।

बच्चों में सबसे ज्यादा उत्साह

एयर शो को लेकर स्कूली बच्चों में खासा उत्साह दिखाई दिया। 10 से अधिक स्कूलों के छात्र-छात्राएं कार्यक्रम देखने पहुंचे। इनके साथ एनसीसी और एनएसएस कैडेट भी मौजूद रहे। करीब छह से सात हजार लोगों के कार्यक्रम में पहुंचने का अनुमान है। विमानों के आसमान में आते ही बच्चों ने उत्साह में हाथ हिलाए और मोबाइल फोन से वीडियो बनाकर इस पल को यादगार बनाया।

अभी और रोमांच बाकी

दो दिन चलने वाले इस एयर शो में सूर्यकिरण के प्रदर्शन के अलावा हेलीकॉप्टर से एयर वॉरियर ड्रिल टीम और आकाशगंगा स्काई डाइविंग टीम भी अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेगी। करीब दो घंटे तक चलने वाले कार्यक्रम के बाद विमान वापस हिंडन एयरबेस लौट जाएंगे।

मेरठ में पहली बार आयोजित यह एयर शो शहर के लिए इसलिए भी खास है क्योंकि सामान्य तौर पर हवाई करतबों का ऐसा बड़ा प्रदर्शन महानगरों या बड़े सैन्य केंद्रों में देखने को मिलता है। शनिवार को मेरठ के आसमान में उड़ते नौ हॉक विमानों ने न केवल लोगों का मनोरंजन किया, बल्कि भारतीय वायुसेना की सटीक उड़ान, अनुशासन और तालमेल की झलक भी दिखाई।

Sushil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sushil Kumar

वरिष्ठ संवाददाता, मेरठmeerutsushilkumar@newstrack.com
Next Story