मेरठ में 172 मॉडिफाइड साइलेंसरों पर चला बुलडोजर, तेज आवाज निकालने वालों को चेतावनी

Meerut News: मेरठ में यातायात माह के तहत पुलिस ने रिजर्व पुलिस लाइन में 172 मॉडिफाइड साइलेंसरों पर बुलडोजर चलवाकर नष्ट किया और ध्वनि प्रदूषण पर चेतावनी दी।

Sushil Kumar
Published on: 20 Nov 2026 7:27 PM IST
मेरठ में 172 मॉडिफाइड साइलेंसरों पर चला बुलडोजर, तेज आवाज निकालने वालों को चेतावनी
X

Meerut News: शहर में तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर सड़कों पर फर्राटा भरने वाले वाहन चालकों पर यातायात पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। यातायात माह के तहत शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में 172 मॉडिफाइड साइलेंसरों को बुलडोजर चलवाकर नष्ट करा दिया गया। ये साइलेंसर चेकिंग अभियान के दौरान दोपहिया वाहनों से उतरवाए गए थे। पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि निर्धारित मानकों के विपरीत साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक यातायात की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई का उद्देश्य वाहनों से निकलने वाली तेज और कानफोड़ू आवाज पर अंकुश लगाना है। अक्सर दोपहिया वाहनों में कंपनी के मूल साइलेंसर हटाकर मॉडिफाइड साइलेंसर लगा दिए जाते हैं। इससे सड़क पर चलने वाले दूसरे लोगों के साथ ही आसपास रहने वाले लोगों को भी परेशानी होती है। खासकर रिहायशी इलाकों में ऐसे वाहन ध्वनि प्रदूषण का कारण बनते हैं।

नियमों के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई

यातायात पुलिस के अनुसार, केंद्रीय मोटर वाहन नियम, 1989 के नियम 120(1) और 120(2) के तहत प्रत्येक मोटर वाहन में निर्धारित मानकों के अनुरूप ध्वनि नियंत्रित करने वाला साइलेंसर होना जरूरी है। पर्यावरण संरक्षण नियम, 1986 के तहत दोपहिया वाहनों के लिए इंजन क्षमता के अनुसार ध्वनि की अधिकतम सीमा भी निर्धारित है। 80 सीसी तक के वाहनों के लिए 75 डेसीबल, 80 से 175 सीसी तक के लिए 77 डेसीबल और 175 सीसी से अधिक क्षमता वाले वाहनों के लिए 80 डेसीबल की सीमा तय है।

Sushil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sushil Kumar

वरिष्ठ संवाददाता, मेरठmeerutsushilkumar@newstrack.com
Next Story