TRENDING TAGS :
Meerut News: मेरठ में नाबालिग भांजी की हत्या का खुलासा, मामा गिरफ्तार
Meerut News: मेरठ के नरहाड़ा गांव में आम के बाग से मिले नाबालिग किशोरी के शव मामले का पुलिस ने चार घंटे में खुलासा किया, मामा गिरफ्तार और सौतेला भाई फरार।
Meerut News: मेरठ, 30 मई। लोहिया नगर थाना क्षेत्र के नरहाड़ा गांव के जंगल में आम के बाग से बरामद नाबालिग किशोरी के शव मामले का मेरठ पुलिस ने महज चार घंटे में खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतका के मामा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वारदात में शामिल बताए जा रहे मृतका के सौतेले भाई की तलाश जारी है।
झाड़ियों के बीच किशोरी का शव मिला
पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह करीब छह बजे पीआरवी के माध्यम से सूचना मिली कि नरहाड़ा गांव के जंगल स्थित एक आम के बाग में झाड़ियों के बीच एक किशोरी का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना लोहिया नगर पुलिस, क्षेत्राधिकारी कोतवाली और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए करीब 84 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और अन्य साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान मृतका की पहचान हुमायूनगर निवासी सानिया के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने मृतका के मामा सरताज को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सरताज ने स्वीकार किया कि किशोरी के मोबाइल फोन पर लड़कों से बातचीत करने को लेकर परिवार में नाराजगी थी। इसी बात को लेकर उसने और मृतका के सौतेले भाई सोएब ने कथित रूप से उसका गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को नरहाड़ा के जंगल स्थित आम के बाग में ले जाकर झाड़ियों में छिपा दिया गया।
आरोपी सोएब की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी
मृतका के पिता जावेद की तहरीर पर थाना लोहिया नगर में हत्या और साक्ष्य छिपाने समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी सरताज को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है, जबकि फरार आरोपी सोएब की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


