TRENDING TAGS :
Meerut Ward 12 Parshad Interview: मेरठ के वार्ड 12 में जलनिकासी और श्मशान घाट की चुनौती
Meerut Ward 12 Shobhapur Parshad: शोभापुर के भाजपा पार्षद सुमित कुमार से जानिए जलभराव, पुराने झोड़ की सफाई, श्मशान घाट पर अतिरिक्त शेड और वार्ड के विकास को लेकर उनकी प्राथमिकताएं।
Meerut Nagar Nigam Ward 12 Shobhapur Parshad | Meerut Sabhasad Ki Jankari | Newstrack Hindi News
Meerut Ward 12 Shobhapur Parshad: हमारे पार्षद : 25 सवाल, शोभापुर के विकास में जलनिकासी और श्मशान घाट को बेहतर बनाने की चुनौती
नाम: सुमित कुमार
वार्ड: 12, शोभापुर
दल: भारतीय जनता पार्टी
शिक्षा: इंटरमीडिएट
आवास: शोभापुर
सार्वजनिक संपर्क: 9012998557
वार्ड में मतदाता: करीब 16,600
आबादी: करीब 40 हजार
राजनीति और पार्षद बनने का सफर
1. पार्षद बनने का विचार कब और क्यों आया?
जवाब: क्षेत्र में रहते हुए लोगों की रोजमर्रा की समस्याओं को करीब से देखा। लगा कि अगर जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर समाधान कराने का प्रयास किया जाए तो ज्यादा प्रभावी ढंग से काम किया जा सकता है। इसी सोच के साथ चुनावी राजनीति में सक्रिय होने का निर्णय लिया। इससे पहले वर्ष 2007 से 2012 तक अंडरवर्ल्ड ड्राइवर भी रहा हूं गोता को कॉल कर महाराष्ट्र, गुजरात, एनटीपीसी, तारापुर, महाराष्ट्र उन सब जगह काम किया है
2. राजनीति में आने की प्रेरणा आपको किससे या किन घटनाओं से मिली?
जवाब: समाज और क्षेत्र के लोगों के बीच काम करने की इच्छा ही राजनीति में आने की मुख्य प्रेरणा रही। लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार सक्रिय रहने की कोशिश की।
3. आपका राजनीतिक सफर कब और कैसे शुरू हुआ?
जवाब: मैं वर्ष 2012 में राजनीति में आया। शुरुआत में हिन्दू युवा वाहिनी से जुड़ा और इसके बाद लगातार सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहा।
4. आपके परिवार में पहले से कोई राजनीति या सामाजिक कार्य से जुड़ा रहा है?
जवाब: मेरे परिवार में राजनीति से कोई जुड़ा हुआ नहीं था। मैं परिवार का पहला व्यक्ति हूं जो राजनीति में आया।
वार्ड और कामकाज
5. पार्षद का चुनाव जीतने के बाद सबसे पहला काम क्या किया था?
जवाब: चुनाव जीतने के बाद सबसे पहले वार्ड की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर समझने और संबंधित विभागों के अधिकारियों के सामने उठाने का काम किया। कोशिश रही कि मूलभूत सुविधाओं से जुड़े काम पहले कराए जाएं।
6. वार्ड की ऐसी कौन-सी समस्या है जिसे आप अभी तक हल नहीं करा पाए हैं?
जवाब: वार्ड में दो बड़ी समस्याएं अभी भी हैं। पहली समस्या जलनिकासी की है। हमारे यहां पुराना झोड़ है, जिसमें काफी सिल्ट भर गई है। उसकी खुदाई और सफाई नहीं हो पा रही है। बारिश या अन्य समय में गांव के अंदर पानी भर जाता है। झोड़ की सफाई और उसका रिनोवेशन हो जाए तो जलनिकासी की बड़ी समस्या खत्म हो सकती है।
दूसरी बड़ी समस्या शोभापुर के श्मशान घाट की है। हमारे यहां करीब 28 बीघे में श्मशान घाट है, जो पूरे उत्तर प्रदेश में सबसे बड़ा बताया जाता है। वहां अभी केवल एक पक्का शेड है, जहां दाह संस्कार होता है। कम से कम चार शेड होने चाहिए। तीन और शेड बनवाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा हूं।
7. आपके कार्यकाल की अब तक की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि क्या रही है?
जवाब: वार्ड की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को आगे बढ़ाना और छोटी-बड़ी समस्याओं को नगर निगम स्तर पर लगातार उठाना मेरी प्रमुख उपलब्धि रही है। मेरा प्रयास है कि विकास कार्य वार्ड के हर हिस्से तक पहुंचे।
8. आप जनता से मिलने और उनकी शिकायतें सुनने के लिए क्या व्यवस्था रखते हैं?
जवाब: जनता के बीच लगातार उपलब्ध रहने की कोशिश करता हूं। लोग फोन पर भी अपनी समस्या बताते हैं और व्यक्तिगत रूप से भी मिलते हैं। जो समस्या नगर निगम या किसी दूसरे विभाग से संबंधित होती है, उसे संबंधित अधिकारियों के सामने रखा जाता है।
9. किसी शिकायत के समाधान में सबसे बड़ी व्यावहारिक दिक्कत क्या आती है?
जवाब: कई समस्याएं ऐसी होती हैं जिनके समाधान के लिए एक से अधिक विभागों की अनुमति या सहयोग जरूरी होता है। बजट, विभागीय प्रक्रिया और जमीन से जुड़ी औपचारिकताओं के कारण कई बार काम में समय लगता है।
10. नगर निगम की व्यवस्था में आप एक बड़ा बदलाव कर सकते, तो वह क्या होता?
जवाब: मैं शिकायतों के निस्तारण की व्यवस्था को और तेज करना चाहूंगा। जनता की शिकायत दर्ज होने से लेकर उसके समाधान तक उसकी नियमित मॉनिटरिंग हो और जिम्मेदार विभाग की जवाबदेही तय हो।
11. आपके वार्ड की ऐसी कौन-सी खासियत है जिसके बारे में दूसरे शहरवासियों को जानना चाहिए?
जवाब: शोभापुर की सबसे बड़ी खासियत इसका ग्रामीण परिवेश और अपनी परंपराओं से जुड़ाव है। यहां करीब 28 बीघे में बड़ा श्मशान घाट है। वार्ड में गांव और शहर दोनों तरह का परिवेश देखने को मिलता है।
पार्षद के रूप में व्यक्ति
12. आपके शौक या हॉबी क्या हैं?
जवाब: लोगों के बीच रहना, सामाजिक गतिविधियों में भाग लेना और खाली समय में परिवार के साथ समय बिताना पसंद है।
13. आपकी पसंदीदा किताब, फिल्म या गीत कौन-सा है?
जवाब: देशभक्ति और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी फिल्में व गीत पसंद हैं। किताबों में प्रेरणादायक और जीवन से जुड़े साहित्य को पढ़ना पसंद है।
14. कहां घूमने जाने का सपना है जो पूरा होना बाकी है?
जवाब: परिवार के साथ देश के प्रमुख ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों की यात्रा करना चाहता हूं।
15. ऐसी कौन-सी चीज है जिसके बिना आपका दिन अधूरा है?
जवाब: लोगों से मिलना और अपने क्षेत्र की गतिविधियों की जानकारी लेना मेरी दिनचर्या का हिस्सा है। जनता के बीच सक्रिय रहे बिना दिन अधूरा लगता है।
16. आप अगर पार्षद न बनते तो क्या कर रहे होते?
जवाब: सामाजिक कार्य से जुड़े रहते। राजनीति में आने से पहले भी लोगों के बीच रहने और उनकी मदद करने की रुचि थी।
17. पार्षद के आगे क्या करने का विचार है?
जवाब: अभी प्राथमिकता वार्ड के विकास कार्य हैं। आगे भी पार्टी और जनता जो जिम्मेदारी देगी, उसे पूरी निष्ठा से निभाने का प्रयास करूंगा।
18. आपके जीवन में ऐसा कौन व्यक्ति रहा है जिसने आपको सबसे ज्यादा प्रभावित किया?
जवाब: मेरे जीवन में परिवार और समाज के कई लोगों का प्रभाव रहा है। उनसे मिले संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना ने मुझे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
19. अगर आपको अपने वार्ड को एक शब्द में परिभाषित करना हो, तो वह शब्द क्या होगा?
जवाब: अपनापन।
20. अपने वार्ड की ऐसी कौन-सी चीज है जिसे आप बिल्कुल नहीं बदलना चाहेंगे?
जवाब: शोभापुर की ग्रामीण पहचान, आपसी भाईचारा और सामाजिक जुड़ाव को बरकरार रखना चाहूंगा।
21. अगर आपको एक दिन के लिए नगर निगम का पूरा प्रशासन चलाने का मौका मिले, तो सबसे पहले क्या करेंगे?
जवाब: सबसे पहले जलनिकासी और सफाई व्यवस्था की जमीनी स्थिति की समीक्षा करूंगा। इसके बाद जिन क्षेत्रों में लंबे समय से समस्याएं हैं, उनके समाधान के लिए समयबद्ध कार्ययोजना बनाऊंगा।
22. आपके वार्ड की जनता आपको किस एक बात के लिए याद रखे? आप क्या चाहेंगे?
जवाब: मैं चाहता हूं कि जनता मुझे ऐसे पार्षद के रूप में याद रखे जो उनके बीच रहा, उनकी बात सुनी और समस्या के समाधान के लिए लगातार प्रयास किया।
सांसद और विधायक पर राय
23. अपने सांसद को विकास, लोगों से मिलने-जुलने, क्षेत्र में बने रहने और क्षेत्रीय समस्याएं हल करने के लिए 10 में से कितने नंबर देंगे?
जवाब: अपने क्षेत्र के सांसद अरुण गोविल जी को मैं 10 में से 10 नंबर दूंगा। हमारे क्षेत्र से इससे पहले राजेंद्र अग्रवाल 15 साल सांसद रहे हैं, लेकिन हमारे यहां सांसद निधि से हुए काम का कोई बोर्ड नहीं था। अरुण गोविल जी के कार्यकाल में सांसद निधि से हमारे यहां चार बड़ी स्ट्रीट लाइटें लगी हैं और दो रास्तों के काम भी कराए गए हैं।
24. अपने विधायक को 10 में से कितना नंबर देंगे?
जवाब: हमारे क्षेत्र के विधायक अमित अग्रवाल को 10 में से 10 नंबर दूंगा। जब भी उन्हें फोन किया, वे लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए उपलब्ध मिले। उनकी विधायक निधि से भी हमारे वार्ड में चार-पांच लाख रुपये के कई विकास कार्य कराए गए हैं।
25. जिले में सबसे बेहतर विधायक आप किसे मानते हैं?
जवाब: मेरे क्षेत्र के विधायक अमित अग्रवाल को मैं जिले का बेहतर विधायक मानता हूं। वे क्षेत्र की समस्याओं को सुनते हैं और लोगों के बीच उपलब्ध रहते हैं।


