Meerut News: पीक आवर्स में दौड़ेंगी नमो भारत की अतिरिक्त ट्रेनें, मेरठ-दिल्ली यात्रियों को बड़ी राहत

Meerut News: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम ने दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए पीक आवर्स में ट्रेन सेवाओं का और विस्तार किया है।

Sushil Kumar
Published on: 27 May 2026 8:54 PM IST
Meerut Namo Bharat Train News
X

Meerut Namo Bharat Train News (Social Media).jpg

Meerut News: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम ने दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए पीक आवर्स में ट्रेन सेवाओं का और विस्तार किया है। निगम ने सराय काले खां से मेरठ साउथ के बीच 10 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स शुरू करने का फैसला लिया है। इससे पहले पिछले सप्ताह भी आठ अतिरिक्त फेरे बढ़ाए गए थे।

नई व्यवस्था लागू होने के बाद अब सुबह के व्यस्त समय में सात बजे से साढ़े 11 बजे तक 10 अतिरिक्त ट्रिप्स चलाई जाएंगी। वहीं शाम के पीक आवर्स में पांच बजे से साढ़े आठ बजे के बीच आठ अतिरिक्त ट्रेन सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। कुल 18 अतिरिक्त फेरों से हजारों दैनिक यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

एनसीआरटीसी के मुताबिक, दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर प्रतिदिन करीब एक लाख यात्री सफर कर रहे हैं। कार्यालय जाने वाले कर्मचारी, विद्यार्थी और नियमित यात्री तेजी से इस सेवा को अपना रहे हैं। बढ़ती गर्मी और सड़क मार्ग पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव के बीच नमो भारत लोगों के लिए आरामदायक और तेज विकल्प बनकर उभरी है।

दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ में तापमान लगातार 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। ऐसे में पूर्णतः वातानुकूलित नमो भारत ट्रेनें यात्रियों को भीषण गर्मी और जाम दोनों से राहत दे रही हैं।

एनसीआरटीसी का कहना है कि यात्रियों की सुविधा उसकी प्राथमिकता है और मांग के अनुसार सेवाओं का विस्तार आगे भी जारी रहेगा। निगम को उम्मीद है कि अतिरिक्त ट्रिप्स से सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा और निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी।

Ramkrishna Vajpei

Ramkrishna Vajpei

Mail ID - rkvajpei@gmail.com

An innovative journalist with great ideas

Next Story